1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में तेज हुई जांच, 70 लोगों को नोटिस हुआ जारी, होगी पूछताछ

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में तेज हुई जांच, 70 लोगों को नोटिस हुआ जारी, होगी पूछताछ

 Reported By: Abhay Parashar Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : Jul 01, 2026 11:50 am IST,  Updated : Jul 01, 2026 11:54 am IST

राम मंदिर चढ़ावे में कथित चोरी और गबन मामले की जांच तेज हो गई है। SIT और पुलिस ने 70 लोगों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया है। जेल में बंद आरोपियों से भी पूछताछ हो रही है।

Ram Mandir donation scam, Ayodhya temple investigation, SIT probe Ram Mandir- India TV Hindi
चढ़ावा चोरी मामले के एक आरोपी के घर जांच के लिए पहुंची पुलिस। Image Source : PTI

अयोध्या: राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित चोरी और गबन के मामले में पुलिस और SIT की जांच तेज हो गई है। इस मामले में 70 लोगों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया है। जांच टीम लगातार जेल में बंद आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े नए सुराग जुटाने में लगी है। मंगलवार को जेल में बंद आरोपी अविनाश शुक्ला से करीब 2 घंटे तक पूछताछ की गई थी, जबकि आज टिन्नू यादव समेत अन्य आरोपियों से पूछताछ की संभावना जताई जा रही है।

विभिन्न स्तरों पर आगे बढ़ रही है जांच

पुलिस ने इस मामले में राम मंदिर से जुड़े करीब 70 लोगों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया है। इनमें चढ़ावे के प्रबंधन, निगरानी व्यवस्था, कर्मचारियों की नियुक्ति और बैंकिंग सिस्टम से जुड़े लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि जांच अब विभिन्न स्तरों पर आगे बढ़ रही है और सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। जिला कारागार में बंद आरोपी अविनाश शुक्ला से करीब 2 घंटे तक पूछताछ की गई। सूत्रों के मुताबिक, 5 जून को अविनाश के घर से लाखों रुपये बरामद हुए थे। उसके घर से कई संदिग्ध दस्तावेज भी मिले थे, जिनकी जांच की जा रही है।

लाखों रुपये की बरामदगी पर सवाल

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह पैसा कहां से आया, किस तरह इकट्ठा किया गया और किस उद्देश्य से रखा गया था। सूत्रों के मुताबिक, अविनाश कौशलपुरी क्षेत्र में रहता था जहां अनुकल्प और लवकुश नाम के आरोपी भी रहते थे। अविनाश ने अपने भाई के योग सेंटर में भी निवेश किया था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस पैसे का इस्तेमाल निजी खर्च, निवेश या किसी और गतिविधि में किया गया।

बैंक और मैनेजमेंट भी जांच के घेरे में

राम मंदिर में चढ़ावे के कैश का पूरा हिसाब-किताब SBI के जिम्मे था। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बैंकिंग व्यवस्था और निगरानी में कहां चूक हुई। शुरुआती जांच में बैंक कर्मचारियों की भूमिका पर भी सवाल उठे हैं। सूत्रों के अनुसार, बैंक के कुछ कर्मचारी भी अब पुलिस की रडार पर हैं और उनसे जल्द पूछताछ हो सकती है। साथ ही चढ़ावे की सुरक्षा व्यवस्था, कर्मचारियों की नियुक्ति प्रक्रिया और निगरानी सिस्टम की भी जांच की जा रही है।

ट्रस्ट से जुड़े 70 लोगों को नोटिस

पुलिस ने राम मंदिर ट्रस्ट और उससे जुड़े विभिन्न विभागों के करीब 70 लोगों को नोटिस जारी किया है। इन सभी से पूछताछ की जाएगी ताकि चढ़ावे के प्रबंधन और पैसों के लेनदेन की पूरी जानकारी मिल सके। इसके साथ ही पुलिस ने आरोपियों के घरों से बरामद नकदी और दस्तावेजों की भी जांच तेज कर दी है। ट्रस्ट से मिली जानकारी और पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों का मिलान किया जा रहा है।

टिन्नू और अन्य से पूछताछ की तैयारी

पुलिस आज टिन्नू यादव समेत अन्य आरोपियों से भी पूछताछ कर सकती है। इसके अलावा, जिन 8 आरोपियों से पहले पूछताछ हुई थी, उनके जवाबों की समीक्षा की जा रही है। जांच एजेंसियां अब आगे की रणनीति तैयार कर रही हैं। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ट्रस्ट के पदाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। चंपत राय के बयान और ट्रस्ट कार्यालय में हुई छापेमारी के दौरान मिले दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।

SBI कर्मचारियों पर भी है नजर

जांच में यह भी सामने आ रहा है कि बैंकिंग प्रक्रिया में लापरवाही की वजह से चढ़ावे की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। इसी कारण SBI के कुछ कर्मचारियों से भी पूछताछ की तैयारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी बयानों और दस्तावेजों का विश्लेषण किया जा रहा है। इसके आधार पर आगे कोर्ट में नई अर्जी दाखिल कर टिन्नू यादव समेत अन्य आरोपियों से दोबारा पूछताछ की अनुमति मांगी जा सकती है। इसके अलावा, अनिल मिश्रा और गोपाल राव के बयान भी जल्द दर्ज किए जा सकते हैं।

ये भी पढ़ें:

चढ़ावा चोरी मामले में चंपत राय से 3 घंटे पूछताछ, पुलिस के कई सवालों का नहीं दे पाए जवाब: सूत्र

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में बड़ा एक्शन, 17 साल बाद RMO अर्जुन देव का तबादला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।