1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सोनभद्र: ट्रक की चेसिस में घुसा विशालकाय अजगर, डरा हुआ ड्राइवर ट्रक लेकर पहुंचा वन विभाग के ऑफिस

सोनभद्र: ट्रक की चेसिस में घुसा विशालकाय अजगर, डरा हुआ ड्राइवर ट्रक लेकर पहुंचा वन विभाग के ऑफिस

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Aug 22, 2025 04:08 pm IST,  Updated : Aug 22, 2025 04:23 pm IST

वीडियो में वन विभाग के कर्मचारी अजगर का रेस्क्यू करते नजर आ रहे हैं। अजगर का रेस्क्यू करने के बाद उसे सुरक्षित तरीके से जंगल में छोड़ दिया गया। इसके साथ ही वन विभाग की टीम ने ड्राइवर के फैसले की तारीफ की।

Sonbhadra pythan rescue- India TV Hindi
सोनभद्र में अजगर का रेस्क्यू Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में एक ट्रक से विशालकाय अजगर का रेस्क्यू किया गया। रेस्क्यू का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वन विभाग के दो कर्मचारी अजगर को ट्रक के चेचिस से बाहर निकालते नजर आ रहे हैं। रेस्क्यू का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। खास बात यह है कि अजगर ट्रक में सवार तो छत्तीसगढ़ से हुआ, लेकिन इसका रेस्क्यू उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में हुआ। ट्रक ड्राइवर ने जब अजगर को देखा तो डर गया। वह ट्रक लेकर वन विभाग के ऑफिस पहुंच गया। वन विभाग के कर्मचारियों ने अजगर को रेस्क्यू किया। इस घटना के बाद वन विभाग के अधिकारियों ने ट्रक ड्राइवर की तारीफ भी की।

घटना सोनभद्र के बभनी थाना क्षेत्र की है। यहां उस समय हड़कंप मच गया, जब छत्तीसगढ़ से कानपुर जा रहे एक ट्रक में विशालकाय अजगर दिखाई दिया। चालक ट्रक लेकर वन विभाग के ऑफिस पहुंचा और वन विभाग की टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया गया।

छत्तीसगढ़ में ट्रक पर चढ़ा अजगर

वन क्षेत्राधिकारी बभनी प्रेम प्रकाश चौबे ने बताया कि ट्रक छत्तीसगढ़ से चावल लेकर कानपुर जा रहा था। चालक हसन अली ने ट्रक छत्तीसगढ़ में ही खड़ा किया था, तभी जंगल से अजगर ट्रक में चढ़ गया। चालक को इसकी भनक तक नहीं लगी। शुक्रवार को जब ट्रक सोनभद्र के परसाटोला चौराहे पर पहुंचा तो चालक चाय पीने के लिए उतरा। उसी दौरान उसने ट्रक में हरकत देखी और घबरा गया। ग्रामीणों को बुलाने के बाद तुरंत वन विभाग और पुलिस को सूचना दी गई। ड्राइवर ट्रक सहित वन विभाग के ऑफिस पहुंच गया।

घंटों चला रेस्क्यू

वन क्षेत्राधिकारी प्रेम प्रकाश चौबे अपनी टीम के साथ अजगर का रेस्क्यू करने पहुंचे, वहीं बभनी प्रभारी कमलेश पाल भी पुलिस बल के साथ पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से घंटों चले रेस्क्यू के बाद अजगर को पकड़ लिया गया। बाद में उसे कनवा जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया। इस अनोखे घटनाक्रम को देखने के लिए भारी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। वन विभाग ने ड्राइवर की सराहना करते हुए लोगों से अपील की है कि इस तरह की घटनाओं की स्थिति में तुरंत सूचना दें और खुद जोखिम न उठाएं।

(सोनभद्र से परमेश्वर दयाल की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।