1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. UP में दुरंतो एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों पर पथराव, आरोप में एक नाबालिग समेत दो गिरफ्तार

UP में दुरंतो एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों पर पथराव, आरोप में एक नाबालिग समेत दो गिरफ्तार

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : May 29, 2025 08:31 am IST,  Updated : May 29, 2025 08:37 am IST

आरपीएफ ने दो लड़कों को हिरासत में लिया है, जिन पर दिल्ली-आगरा मार्ग पर कई ट्रेनों को निशाना बनाने का आरोप है। पूछताछ के दौरान दोनों ने ट्रेनों पर पथराव करने की बात स्वीकार की।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

उत्तर प्रदेश के मथुरा जंक्शन के पास चलती ट्रेनों पर पथराव का मामला सामने आया है। आरोप में बुधवार को एक नाबालिग सहित दो लोगों को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने हिरासत में लिया है। अधिकारियों के अनुसार, इन पर दिल्ली-आगरा मार्ग पर कई ट्रेनों को निशाना बनाने का आरोप है।

कई ट्रेनों पर पथराव

घटना मंगलवार रात की है, जब रेलवे नियंत्रण कक्ष को सूचना मिली कि मथुरा जंक्शन स्टेशन से रवाना होने के बाद दिल्ली से आगरा की ओर जा रही कई ट्रेनों पर पथराव किया गया है। आरपीएफ कोतवाली प्रभारी अवधेश गोस्वामी ने बताया कि जिन ट्रेनों पर पथराव किया गया उनमें कोटा-पटना एक्सप्रेस, हजरत निजामुद्दीन-हुजूर साहिब नांदेड़ एक्सप्रेस और दुरंतो एक्सप्रेस शामिल हैं।

संदिग्ध परिस्थितियों में मिले दो लड़के

यात्रियों ने इस घटना की सूचना तुरंत रेलवे नियंत्रण कक्ष को दी, जिसने आगे आरपीएफ को सूचित किया। सूचना मिलने के बाद आरपीएफ ने उसी रात गश्त शुरू की, लेकिन कोई संदिग्ध नहीं मिला। हालांकि, बुधवार सुबह जब पटरियों के पास दोबारा गश्त की जा रही थी, तो एक नाबालिग सहित दो लड़कों को संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया और उन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया गया।

तीसरे आरोपी की तलाश

पूछताछ के दौरान दोनों लड़कों ने ट्रेनों पर पथराव करने की बात स्वीकार कर ली। उन्होंने यह भी बताया कि इस घटना में उनका एक और साथी शामिल था। आरपीएफ अब तीसरे आरोपी की तलाश कर रही है। इस घटना ने चलती ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा पर चिंता बढ़ा दी है। रेलवे अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि वे ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें-

भारत से बात करने के लिए फिर गिड़गिड़ाए पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ, दोहराया घिसा पिटा राग

असिस्टेंट प्रोफेसर ने सुसाइड किया या हुई हत्या? मां की मौत के बाद बोला बेटा, पापा ने मार दिया, करते थे मेंटली टॉर्चर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।