लखनऊ: उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीट के लिए मंगलवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है लेकिन सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) और मुख्य विपक्षी समाजवादी पार्टी (SP) ने अभी तक अपने सभी उम्मीदवारों के नाम घोषित नहीं किए हैं। चुनाव आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक, इन सीटों के लिए मतदान 16 अक्टूबर को होगा।
बीजेपी ने 8 और सपा ने 4 नामांकन पत्र लिए
सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार को किसी उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया। हालांकि, बीजेपी की ओर से आठ और सपा की ओर से चार नामांकन पत्र लिए गए। सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा ने बताया कि पार्टी के वरिष्ठ नेता और मौजूदा राज्यसभा सदस्य राम गोपाल यादव बुधवार सुबह करीब 11 बजे पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में नामांकन दाखिल करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी के दूसरे उम्मीदवार को लेकर स्थिति बुधवार सुबह तक स्पष्ट हो जाएगी।
16 अक्टूबर को होगी वोटिंग
चुनाव के कार्यक्रम के मुताबिक, नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख छह अक्टूबर है। नामांकन पत्रों की जांच सात अक्टूबर को होगी जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तारीख नौ अक्टूबर है। मतदान 16 अक्टूबर को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक होगा और उसी दिन मतगणना की जाएगी।
उत्तर प्रदेश से केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और बीएल वर्मा के अलावा भाजपा के अरुण सिंह, गीता शाक्य, नीरज शेखर, बृजलाल और सीमा द्विवेदी का कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त हो रहा है। सपा के राम गोपाल यादव और बसपा के रामजी गौतम का कार्यकाल भी इसी दिन पूरा होगा। दसवीं सीट भाजपा के दिनेश शर्मा के राज्यसभा से इस्तीफा देने के बाद रिक्त हुई थी। उन्हें अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है।
दसवीं सीट के लिए दोनों दलों के बीच मुकाबले की संभावना
विधानसभा में मौजूदा संख्या बल के आधार पर भाजपा सात और सपा दो सदस्यों को निर्वाचित कराने की स्थिति में है। दसवीं सीट के लिए दोनों दलों के बीच मुकाबले की संभावना है। वर्ष 2024 के राज्यसभा चुनाव में भाजपा ने आठ उम्मीदवार उतारे थे और सभी निर्वाचित हुए थे। सपा ने तीन उम्मीदवार मैदान में उतारे थे, जिनमें जया बच्चन और रामजी लाल सुमन निर्वाचित हुए जबकि पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन को हार का सामना करना पड़ा था।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को समाज को भ्रम और गलत सूचनाओं से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि अयोध्या का बदलता रूप भगवान राम का विरोध करने वाले कुछ लोगों को असहज कर रहा है। योगी ने सनातन धर्म के अनुयायियों से ऐसी ताकतों से सतर्क रहने को कहा, जो समाज में भ्रम पैदा करने की कोशिश करती हैं। मुख्यमंत्री गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में महंत दिग्विजयनाथ की 57वीं और महंत अवैद्यनाथ की 12वीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा को संबोधित कर रहे थे।
ये भी पढ़ें: