1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी: लखनऊ में विधानसभा के बाहर शख्स ने खुद को लगाई आग, मच गया हड़कंप

यूपी: लखनऊ में विधानसभा के बाहर शख्स ने खुद को लगाई आग, मच गया हड़कंप

 Reported By: Ruchi Kumar, Edited By: Rituraj Tripathi
 Published : Oct 07, 2024 05:49 pm IST,  Updated : Oct 07, 2024 06:33 pm IST

यूपी की राजधानी लखनऊ में विधानसभा के बाहर एक शख्स ने आत्मदाह की कोशिश की गई है। इस दौरान वह करीब 50 फीसदी तक जल गया है। उसका हॉस्पिटल में इलाज किया जा रहा है।

lucknow- India TV Hindi
लखनऊ में विधानसभा के बाहर शख्स ने खुद को लगाई आग Image Source : INDIA TV

लखनऊ: यूपी की राजधानी लखनऊ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां विधानसभा के बाहर एक शख्स ने आत्मदाह की कोशिश की है। इस दौरान ये शख्स करीब 50 फीसदी जल गया है। शख्स को पुलिस ने हॉस्पिटल में एडमिट करवाया है। शख्स की पहचान मुन्ना विश्वकर्मा के रूप में हुई है। 

क्या है पूरा मामला?

आज करीब 3:15 बजे, थाना क्षेत्र हजरतगंज, विधान सभा मार्ग पर मुन्ना विश्वकर्मा (आयु लगभग 40 वर्ष) नाम के शख्स ने आत्मदाह का प्रयास किया। घटना की जानकारी मिलते ही आत्मदाह निरोधी दस्ते ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। प्रारंभिक जांच में लगभग 50 प्रतिशत जलने की पुष्टि की गई है। 

मुन्ना विश्वकर्मा का बंगाल टेंट हाउस के रंजीत चक्रवर्ती के साथ पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद था, जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठाया। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। थाना आलमबाग द्वारा पूछताछ व अग्रिम वैधानिक कार्यवाही जारी है।

पुलिस का सामने आया बयान 

इस मामले में डीसीपी सेंट्रल रवीना त्यागी का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि 40 साल के मुन्ना विश्वकर्मा नाम के शख्स ने आत्मदाह की कोशिश की है। वह मौके पर अपने शरीर के ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर ही आए थे। उन्हें फौरन सिविल हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया। उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक, वह 50 फीसदी तक जल गए हैं। आगे की जांच की जा रही है।

रवीना ने कहा कि अभी हमारा ध्यान उनके उपचार पर है। उन्होंने ये कदम क्यों उठाया ये जांच का विषय है।

मीडिया रिपोर्ट्स का ये भी कहना है कि मुन्ना के पास अपने बच्चों की फीस जमा करने के पैसे नहीं थे, जिसकी वजह से वह परेशान चल रहा था। वहीं दूसरी तरफ जिस जगह वह काम करता था, वहां उसका मालिक उसके पैसे नहीं दे रहा था, जिसकी वजह से उसका विवाद भी चल रहा था। उसने पुलिस से भी मदद मांगी थी लेकिन कई बार पुलिस के चक्कर काटने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उसने आत्मदाह का कदम उठाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।