1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी में वज्रपात और आंधी-तूफान ने मचाया हाहाकार, 22 लोगों की मौत, यहां देखें जिलेवार लिस्ट

यूपी में वज्रपात और आंधी-तूफान ने मचाया हाहाकार, 22 लोगों की मौत, यहां देखें जिलेवार लिस्ट

 Reported By: Ruchi Kumar Edited By: Subhash Kumar
 Published : Apr 10, 2025 10:51 pm IST,  Updated : Apr 10, 2025 10:51 pm IST

आज यूपी में बारिश के दौरान आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली के कारण 22 लोगों की जान चली गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के घरवालों को चार लाख रुपये की राहत राशि देने के निर्देश दिए हैं।

सांकेतिक फोटो।- India TV Hindi
सांकेतिक फोटो। Image Source : PTI

उत्तर प्रदेश में गुरुवार को आकाशीय बिजली और आंधी-तूफान ने बड़ा नुकसान पहुंचाया है। राहत आयुक्त कार्यालय की ओर से जारी की गई जानकारी के मुताबिक, राज्य के विभिन्न जिलों में आकाशीय बिजली और आंधी-तूफान के कारण 22 लोगों की मौत हो गई है। इसके साथ ही बड़ी संख्या में मवेशियों की भी मौत हुई है। राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस बड़े नुकसान के बाद मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है।

उत्तर प्रदेश के राहत आयुक्त कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए विवरण के अनुसार प्रदेश में आज 10 अप्रैल, 2025 को कुल 22 जनहानि, 45 पशुहानि तथा 15 मकान क्षति की घटनाएं हुई हैं। 22 लोगों की मौत का जिलेवार आंकड़ा इस प्रकार है

आकाशीय बिजली से मौत

  • फतेहपुर- 3
  • आजमगढ़- 3
  • फिरोजाबाद- 2
  • कानपुर देहात- 2
  • सीतापुर- 2
  • गाजीपुर- 1
  • गोण्डा- 1
  • अमेठी- 1
  • संतकबीरनगर- 1
  • सिद्धार्थनगर- 1

आँधी-तूफान से मौत

  • बलिया- 1
  • कन्नौज- 1
  • बाराबंकी- 1
  • बाराबंकी- 1
  • जौनपुर- 1

मवेशियों और घरों को भी नुकसान

आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली से जनपद गाजीपुर में 17, जनपद चन्दौली में 06, जनपद बलिया में 05, जनपद अम्बेडकरनगर, बलरामपुर एवं गोण्डा में 03-03, जनपद सुल्तानपुर में 02, जनपद अमेठी, कन्नौज व गोरखपुर में 01-01 तथा जनपद फतेहपुर में अग्निकाण्ड में 03 पशुहानि हुई है। इसके अलावा, आँधी-तूफान एवं आकाशीय बिजली से जनपद गाजीपुर, सुल्तानपुर एवं लखीमपुर खीरी में 02-02, जनपद बलिया, गोण्डा, बाराबंकी, अम्बेडकरनगर, गोरखपुर, औरैया, हरदोई, लखनऊ तथा मऊ में 01-01 मकान क्षति हुई है।

सीएम योगी ने किया मुआवजे का ऐलान

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में आँधी-तूफान एवं आकाशीय बिजली से हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत व्यक्तियों के परिजनों को 04 लाख रुपये की राहत राशि तत्काल वितरित किए जाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने इस प्राकृतिक आपदा में घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने पशुहानि पर प्रभावितों को अनुमन्य सहायता दिए जाने के निर्देश भी दिए हैं। बड़े दुधारू पशुहानि में 37,500 रुपये, छोटे दुधारू आदि पशु की हानि में 4,000 रुपये, बड़े गैर-दुधारू पशुहानि में 32,000 रुपये तथा छोटे गैर-दुधारू पशुहानि में 20,000 रुपये मुआवजा राशि दिए जाने का प्रावधान है।

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।