झारखंड के धनबाद जंक्शन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो है, जिसमें एक दबंग युवक दूसरे युवक की बेरहमी से पिटाई करता नजर आ रहा है। यह घटना धनबाद जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर 7-8 की है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो ने रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेल पुलिस (GRP) के दावों की पोल खोलकर रख दी है, जो मौके पर मौजूद होने के बावजूद हस्तक्षेप नहीं कर पाए।
महिला ने किया बीच-बचाव
वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि टी-शर्ट और हाफ पैंट पहने एक युवक दूसरे युवक पर मुक्कों की बरसात कर रहा है। मारपीट इतनी हिंसक थी कि पीड़ित जमीन पर गिर पड़ा, लेकिन आरोपी का मन फिर भी नहीं भरा। उसने पीड़ित के सिर पर पैर रखकर उसे लातों से कुचला। रोंगटे खड़े कर देने वाली इस घटना के कई लोग वहां मौजूद थे, लेकिन कोई भी आगे नहीं आया। अंत में एक महिला ने साहस दिखाते हुए बीच-बचाव किया, जिसके बाद पीड़ित ने रेल पटरियों की ओर भागकर अपनी जान बचाई।
"दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी"
हैरानी की बात यह है कि धनबाद जंक्शन जैसे संवेदनशील स्टेशन पर, जहां हर वक्त RPF और GRP के जवान तैनात रहते हैं, वहां इस तरह की घटना हुई। वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन हरकत में आया। रेल एसपी मूमल राजपुरोहित ने बताया, "वीडियो की पुष्टि हो गई है। प्रथम दृष्टया यह आपसी विवाद का मामला लग रहा है। दोनों युवक स्थानीय निवासी प्रतीत हो रहे हैं। थाना प्रभारी को जांच के सख्त निर्देश दिए गए हैं। जांच पूरी होते ही दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।"
(रिपोर्ट- कुंदन सिंह)
ये भी पढ़ें-
असम के चाय बागान की सुंदरता देख इंप्रेस हो गई महिला, तारीफ कर जो कहा; तुरंत होने लगा वायरल