1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. VIDEO: प्रधानी के चुनाव से पहले ही भिड़े भावी उम्मीदवारों के 2 पक्ष, पुलिस के सामने ही हुई 'गुत्थम-गुत्था'

VIDEO: प्रधानी के चुनाव से पहले ही भिड़े भावी उम्मीदवारों के 2 पक्ष, पुलिस के सामने ही हुई 'गुत्थम-गुत्था'

 Edited By: Vinay Trivedi
 Published : Mar 07, 2026 09:19 am IST,  Updated : Mar 07, 2026 09:19 am IST

Viral Video: गाजियाबाद में उन दो पक्षों में मारपीट हुई है जिनके एक-एक शख्स आने वाले प्रधान के चुनाव में संभावित प्रत्याशी है। जरा सी कहासुनी यहां पुलिस के सामने ही 'मल्ल युद्ध' में बदल गई। दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर लाठी-डंडे से वार करने लगे।

ghaziabad fight- India TV Hindi
गाजियाबाद में हुई मारपीट का वीडियो वायरल हो रहा है। Image Source : REPORTERS INPUT

Ghaziabad Fight Video: दिल्ली से सटे गाजियाबाद में भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव नाहली में आगामी पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच 2 संभावित प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान जमकर लाठी-डंडे चले और पथराव हुआ। घटना में कई लोग घायल हुए हैं।

भावी प्रधान उम्मीदवारों के बीच 'जंग'

जानकारी के अनुसार, भोजपुर के गांव नाहली निवासी अहसान और आकिल आगामी पंचायत चुनाव में ग्राम प्रधान पद के लिए दावेदारी की तैयारी कर रहे हैं। शुक्रवार दोपहर दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच चुनावी चर्चा को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने आ गए और जमकर पथराव शुरू हो गया। करीब 20 मिनट तक गांव में संघर्ष की स्थिति बनी रही।

पुलिस के सामने ही कर दिया पथराव

इस घटना में 3 लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उपद्रवी पुलिस के सामने भी पथराव करते रहे। बाद में पुलिस ने किसी तरह स्थिति को काबू में किया।

एक-दूसरे पर चलाए लाठी-डंडे

वीडियो में दिख रहा है कि 1 दर्जन से ज्यादा लोग एक-दूसरे से भिड़े हुए हैं। इस दौरान, कुछ लोग लाठी-डंडे चलाते हुए भी नजर आए। इस दौरान, पुलिस भी मौके पर मौजूद थी। विवाद करने वालों ने इसका लिहाज भी नहीं किया। पुलिसकर्मी इस दौरान, घटना का वीडियो बनाते नजर आए।

पुलिस ने 6 लोगों को हिरासत में लिया

एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों के 6 लोगों को हिरासत में लिया गया है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है जिसका संज्ञान लेकर  पुलिस मामले की जांच कर रही है।

(इनपुट- जुबेर अख्तर)

ये भी पढ़ें- कुत्ते के पेशाब करने पर हुई मारपीट, व्यायाम कर रहे वरिष्ठ नागरिकों ने शख्स को पीटा; सामने आया VIDEO

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।