हरिद्वारः सोशल मीडिया पर चंद लाइक्स और फॉलोअर्स की भूख युवाओं को किस कदर मौत के करीब ले जा रही है, इसकी एक खौफनाक तस्वीर उत्तराखंड के रुड़की से सामने आई है। यहां एक युवक ने 'फेमस' होने के चक्कर में अपनी जान की बाजी लगा दी। युवक ने दिनदहाड़े लोहे के ब्रिज पर चढ़कर डांस किया और इसका वीडियो भी बनाया।
सालियर-मंगलौर बाईपास पर बनाया वीडियो
घटना रुड़की के सालियर-मंगलौर बाईपास की है। यहां पर लोहे का ऊंचा पुल और उसके नीचे दौड़ते तेज रफ्तार वाहन साफ देखे जा सकते है। वीडियो में युवक को देख सकते हैं, जो मौत की परवाह किए बिना पुल के सबसे ऊपरी हिस्से पर चढ़कर बेखौफ होकर डांस कर रहा है। तस्वीरों में आप साफ देख सकते हैं कि युवक पुल के संकरे लोहे के गाटर पर खड़ा होकर रील बनवा रहा है। नीचे नेशनल हाईवे है, जहां से गाड़ियां हवा से बातें कर रही हैं। अगर इस युवक का पैर जरा सा भी फिसलता या संतुलन बिगड़ता, तो परिणाम क्या होता, इसका अंदाजा लगाना भी मुश्किल नहीं है।
यहां देखें वीडियो वीडियो
पुलिस कर रही है युवक की तलाश
हैरानी की बात यह है कि दिनदहाड़े यह सब तमाशा चलता रहा और इस युवक को कानून या अपनी जान, किसी का खौफ नहीं था। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र की इस घटना ने एक बार फिर प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। आखिर सोशल मीडिया का यह नशा हमारी युवा पीढ़ी को कहां ले जा रहा है? वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अब इस युवक की शिनाख्त में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि युवक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- सुनील पांडे, रुड़की