Nandigram Election Result 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा ने बंपर जीत दर्ज की। इसी के साथ टीएमसी के 15 साल के कार्यकाल का समापन हो गया। टीएमसी पहली बार 2011 में पश्चिम बंगाल में सत्ता में आई थी। उसके बाद 2016 और 2021 में भी ममता बनर्जी के नेतृत्व में टीएमसी ने जीत दर्ज की थी, लेकिन 2026 में ऐसा नहीं हो पाया।
भाजपा की जीत में शुभेंदु अधिकारी का भी बहुत बड़ा योगदान रहा है। शुभेंदु इस साल 2 सीटों से चुनाव लड़ रहे थे, जिसमें एक सीट है नंदीग्राम। इस सीट का रिजल्ट आ चुका है और शुभेंदु अधिकारी ने 9,000 से भी अधिक वोटों से जीत दर्ज की। इस सीट से टीएमसी ने उनके खिलाफ कभी उनके जिगरी दोस्त रहे पवित्र कर को टिकट दिया था, लेकिन वे शुभेंदु को हराने में नाकाम रहे। बता दें कि 2021 में इसी सीट पर शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को हराया था।
नंदीग्राम सीट पर इस बार कुल 11 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे थे। इनमें बीजेपी, टीएमसी, कांग्रेस, ऑल इंडिया सेक्यूलर फ्रेंट, सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ़ इंडिया (कम्युनिस्ट), कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया और आम जनता उन्नयन पार्टी प्रमुख रुप से शामिल थे। कई निर्दलीय प्रत्याशी भी इस चुनाव में अपनी किस्मत अजमा रहे थे।
नंदीग्राम सीट का चुनाव परिणाम 2021
नंदीग्राम विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र पूर्वी मेदिनीपुर जिले का हिस्सा है। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, 2021 के विधानसभा चुनावों के दौरान नंदीग्राम निर्वाचन क्षेत्र में 2,57,999 मतदाता थे। इनमें से 1,34,085 पुरुष और 1,23,913 महिला मतदाता थे। तीसरे लिंग का केवल एक मतदाता था। निर्वाचन क्षेत्र में 2,106 डाक मत डाले गए थे। नंदीग्राम में 2021 में सेवारत मतदाताओं की संख्या 843 थी। भाजपा के सुवेंदु अधिकारी ने इस सीट पर 1,10,764 वोट प्राप्त करके टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी को हराया था, जिन्हें 1,08,808 वोट मिले थे।
नंदीग्राम सीट का चुनाव परिणाम 2016
इसके अलावा 2016 के विधानसभा चुनाव के दौरान में नंदीग्राम विधानसभा सीट में कुल मतदाताओं की संख्या 2,31,866 थी। इनमें से 1,20,448 पुरुष, 1,11,418 महिला मतदाता थे और तीसरे लिंग के मतदाताओं की संख्या शून्य थी। निर्वाचन क्षेत्र में 811 वैध डाक वोट थे। साल 2016 में नंदीग्राम में सेवारत मतदाताओं की संख्या 1,337 थी। 2016 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में, टीएमसी के सुवेंदु अधिकारी को 1,34,623 वोट मिले थे और उन्होंने सीपीआई उम्मीदवार अब्दुल कबीर शेख को हराया था, जिन्हें 53,393 वोट मिले थे।