1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. हैती में भूकंप के जबर्दस्त झटके, 11 लोगों की मौत, कई घायल, चर्च एवं मकान ढहे

हैती में भूकंप के जबर्दस्त झटके, 11 लोगों की मौत, कई घायल, चर्च एवं मकान ढहे

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 07, 2018 11:20 am IST,  Updated : Oct 07, 2018 11:22 am IST

साल 2010 में राजधानी में आए 7.1 की तीव्रता के भूकंप में तकरीबन 300,000 लोग मारे गए थे।

5.9-magnitude earthquake strikes Haiti, several dead and injured- India TV Hindi
5.9-magnitude earthquake strikes Haiti, several dead and injured

पोर्ट-ऑ-प्रिंस: कैरिबियाई देश हैती में शनिवार को आए भूकंप से लोगों के बीच दहशत पसर गई। 5.9 की तीव्रता के इस भूकंप के चलते कम से कम 11 लोगों के मारे जाने और कुछ अन्य के घायल होने की खबर है। यह जानकारी अधिकारियों के हवाले से आई है। इस भूकंप के चलते जहां कई मकान ढह गए वहीं एक चर्च और कम से कम एक अस्पताल ध्वस्त हो गया। 2010 में आए विनाशकारी भूकंप के बाद से यह सबसे बड़े झटकों में से एक बताया जा रहा है। 

अमेरिकी भूगर्भ सर्वेक्षण ने बताया कि भूकंप शनिवार रात 8 बजकर 11 मिनट पर आया और इसका केंद्र हैती के उत्तरी तट पर पोर्ट-दे-पै से 19 किलोमीटर दूर उत्तर पश्चिम में था। भूकंप का केंद्र सतह से 11.7 किलोमीटर की गहराई में था। देश की सिविल सुरक्षा एजेंसी ने एक बयान जारी कर बताया कि पोर्ट-दे-पै, ग्रॉस मोर्ने, चांसोल्म और टर्टल द्वीप में कई लोग घायल हुए और कुछ मकान ढह गए। जिन इमारतों को नुकसान पहुंचा है उनमें प्लेसैंस में सेंट माइकल चर्च भी शामिल है। 

अन्य बचाव कार्यकर्ताओं ने एक अस्पताल का एक हिस्सा और सभागार गिरने की सूचना दी है। बताया जा रहा है कि जब यह भूकंप आया तब बारिश हो रही थी।  हैती की राजधानी पोर्ट-ऑ-प्रिंस के साथ-साथ डोमिनिकन रिपब्लिक में भी भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। हैती भूकंप के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्र में आता है। साल 2010 में राजधानी में आए 7.1 की तीव्रता के भूकंप में तकरीबन 300,000 लोग मारे गए थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश