1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. कुवैत जेल से रिहा हुए 22 कैदी, 97 लोगों की सजा कम की गई

कुवैत जेल से रिहा हुए 22 कैदी, 97 लोगों की सजा कम की गई

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Oct 02, 2017 04:10 pm IST,  Updated : Oct 02, 2017 04:10 pm IST

कुवैत ने देश के विभिन्न कारागारों में कैद 22 भारतीय कैदियों को छोड़ दिया और 97 अन्य की सजा कम कर दी। भारतीय अधिकारियों के मुताबिक अमीर द्वारा उनकी सजा कम करने के बाद यह फैसला लिया गया है।

Kuwait releases 22 Indian prisoners- India TV Hindi
Kuwait releases 22 Indian prisoners

दुबई: कुवैत ने देश के विभिन्न कारागारों में कैद 22 भारतीय कैदियों को छोड़ दिया और 97 अन्य की सजा कम कर दी। भारतीय अधिकारियों के मुताबिक अमीर द्वारा उनकी सजा कम करने के बाद यह फैसला लिया गया है। इस सूची में 119 भारतीयों के नाम शामिल हैं। इसमें उन 15 भारतीय कैदियों के नाम भी हैं जिनकी मौत की सजा को हाल ही में कम कर के आजीवन कारावास में बदल दिया गया है। कुवैत में भारतीय दूतावास ने एक बयान जारी कर कहा कि कुवैत के अमीर ने 22 भारतीय कैदियों को तत्काल छोड़ने को कहा है। (पनामा केस: शरीफ के खिलाफ आरोप तय किए जाने की प्रक्रिया स्थगित)

उसमें कहा गया कि 53 भारतीयों की सजा को उम्र कैद से कम कर के 20 साल की सजा में बदल दिया गया है। बयान में बताया गया कि कुवैत के अमीर ने 18 भारतीयों की सजा को तीन चौथाई घटाने, 25 लोगों की सजा की अवधि को आधा करने और एक व्यक्ति की सजा को एक चौथाई घटाने का आदेश दिया है। ज्यादातर मामलों में इन दोषियों पर नशीली दवाओं, मादक पदार्थों का व्यापार या उपभोग करने, चोरी, लूट-पाट और जालसाजी समेत अन्य आरोप लगाए गए हैं। बयान में बताया गया कि 15 कैदी जिनकी मौत की सजा को उम्र कैद में बदला गया है वह सभी मादक पदार्थ से संबंधित मामलों में दोषी पाए गए थे।

भारतीय मिशन ने कहा कि उनके छूटने या सजा की मियाद पूरी होने पर उन्हें हर प्रकार की संभावित सहायता पहुंचाई जाएगी। शनिवार को विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कुवैत की जेलों में कैद भारतीय नागरिकों की सजा को कम करने के लिए कुवैत के अमीर का धन्यवाद किया था। कुवैत भारत का एक महत्वपूर्ण व्यापार सहयोगी रहा है। साथ ही वह वर्ष 2016-17 में भारत को कच्चे तेल की आपूर्ति करने वाला सातवां सबसे बड़ा देश है। तेल से संपन्न कुवैत में नौ लाख भारतीय निवास करते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश