1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. इस देश में गैंगवार की वजह से बिगड़े हालात, राष्ट्रपति ने घोषित की इमरजेंसी

इस देश में गैंगवार की वजह से बिगड़े हालात, राष्ट्रपति ने घोषित की इमरजेंसी

 Published : Jan 19, 2026 08:38 am IST,  Updated : Jan 19, 2026 08:55 am IST

ग्वाटेमाला में हिंसा के बाद हालात बिगड़ते हुए नजर आ रहे हैं। स्थिति को देखते हुए राष्ट्रपति बर्नार्डो अरेवालो 30 दिनों के लिए आपातकाल का ऐलान कर दिया है। चलिए जानते हैं कि पूरा मामला क्या है।

Guatemala Gang Violence- India TV Hindi
Guatemala Gang Violence Image Source : AP

Guatemala Gang Violence: ग्वाटेमाला के राष्ट्रपति बर्नार्डो अरेवालो ने पूरे देश में 30 दिनों के लिए आपातकाल की घोषणा कर दी है। यह फैसला तब लिया गया जब राजधानी ग्वाटेमाला सिटी और उसके आसपास गैंगवार में सात पुलिस अधिकारियों की हत्या कर दी गई। ये हमले उस वक्त हुए जब सुरक्षा बलों ने दक्षिण-पश्चिमी इलाके में 3 मैक्सिमम सिक्योरिटी जेलों में से एक पर दोबारा नियंत्रण हासिल किया, जहां एक दिन पहले कैदियों ने दंगा किया था और दर्जनों गार्डों को बंधक बना लिया था। ग्वाटेमाला में बारियो 18 और मारा साल्वात्रुचा (MS-13) जैसी गैंग्स काफी प्रभावशाली हैं।

ग्वाटेमाला में हुआ क्या था?

शनिवार की रात को आपराधिक गैंग के सदस्यों ने 3 जेलों पर कब्जा कर लिया था और कुल 46 गार्डों व कर्मचारियों को बंधक बनाया था। यह विरोध जेल प्रशासन के फैसले के खिलाफ था, जिसमें कुछ कैद गैंग लीडरों की सुविधाएं छीनी जा रही थीं। रविवार को सैकड़ों दंगा-रोधी पुलिसकर्मियों ने एस्कुइंटला (राजधानी से करीब 76 किमी दक्षिण-पश्चिम) में रेनोवासिओन जेल पर छापा मारा और वहां बंधक 9 गार्डों को मुक्त कराया था। हालांकि, अन्य 2 जेलों में अभी भी कुछ बंधक थे। बाद में सुरक्षा बलों ने उन जेलों पर भी नियंत्रण हासिल कर लिया और कुल मिलाकर सभी 46 बंधकों को रिहा करा लिया गया। जेलों पर नियंत्रण वापस लेने के तुरंत बाद ग्वाटेमाला सिटी में पुलिस पर हमले हुए। गृह मंत्री मार्को एंटोनियो विलेडा ने बताया कि इन हमलों में 7 पुलिसकर्मी मारे गए और 10 घायल हुए हैं। पुलिस ने 7 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है, 2 राइफलें और 2 वाहन जब्त किए हैं। 

Guatemala Gang Violence
Image Source : APGuatemala Gang Violence

राष्ट्रपति ने घोषित किया 3 दिनों का राष्ट्रीय शोक

राष्ट्रपति अरेवालो ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि कैदियों ने जेलों में दंगा किया। उन्होंने इसे सुरक्षा बलों और आम जनता को डराने की साजिश बताया ताकि सरकार गैंगों के खिलाफ अपनी कार्रवाई से पीछे हट जाए। अरेवालो ने कहा कि गैंगों की यह चुनौती उनके प्रशासन की सुरक्षा नीतियों के सफल होने का संकेत है। उन्होंने 3 दिनों का राष्ट्रीय शोक भी घोषित किया है। गृह मंत्री मार्को एंटोनियो विलेडा ने जोर देकर कहा है कि देश अपराधियों के सामने नहीं झुकेगा और ना ही उनसे कोई सौदा करेगा। उन्होंने इसे सरकार की सख्त नीति का नतीजा बताया। तनाव को देखते हुए, शिक्षा मंत्रालय ने कहा कि वह छात्रों और शिक्षकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के लिए सोमवार 19 तारीख को पूरे देश में क्लासों के सस्पेंड कर रहा है। पुलिस ने कई जेलों में गार्ड बढ़ा दिए और सेना के साथ मिलकर गश्त भी बढ़ा दी गई है।

यह भी पढ़ें:

चिली के जंगलों में लगी आग के बाद एक्टिव हुए राष्ट्रपति गेब्रियल, घोषित की इमरजेंसी; भयावह हैं हालात

VIDEO: स्पेन में हुआ भयानक रेल हादसा, 21 लोगों की मौत; दर्जनों घायल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश