1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. कांगो में विद्रोहियों ने संयुक्त राष्ट्र के हेलीकॉप्टर को मार गिराया, आठ लोगों की मौत

कांगो में विद्रोहियों ने संयुक्त राष्ट्र के हेलीकॉप्टर को मार गिराया, आठ लोगों की मौत

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 30, 2022 10:57 am IST,  Updated : Mar 30, 2022 10:57 am IST

कांगो सेना के एक बयान के अनुसार, हेलीकॉप्टर एक अन्य हेलीकॉप्टर के साथ कांगो में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के लिए जा रहा था, तभी उस पर हमला किया गया। 

 Rebels shoot down UN helicopter in Congo- India TV Hindi
 Rebels shoot down UN helicopter in Congo Image Source : TWITTER

Highlights

  • कांगो में विद्रोहियों ने संयुक्त राष्ट्र के हेलीकॉप्टर को मार गिराया
  • हेलीकॉप्टर में सवार सभी आठ लोगों की मौत

कांगो संरा हेलीकॉप्टर : कांगो की सेना ने कहा कि देश के पूर्वी क्षेत्र में विद्रोहियों ने मंगलवार को आठ शांति सैनिकों और संयुक्त राष्ट्र पर्यवेक्षकों को लेकर जा रहे संयुक्त राष्ट्र के एक हेलीकॉप्टर को मार गिराया। संयुक्त राष्ट्र ने बताया कि घटना में कोई भी जीवित नहीं बचा है। कांगो सेना के एक बयान के अनुसार, हेलीकॉप्टर एक अन्य हेलीकॉप्टर के साथ कांगो में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के लिए जा रहा था, तभी उस पर हमला किया गया। 

हेलीकॉप्टर पर मौजूद संयुक्त राष्ट्र के शांतिरक्षक सैनिक उन समुदायों की गतिविधियों का आकलन कर रहे थे जिन पर एक विद्रोही समूह ने हमला किया था। एक बयान के अनुसार, विद्रोही समूह एम23 ने सोमवार को तचांजू, रूनीओनी, नदिजा और तचेंगरेरो सहित कई गांवों पर हमला किया। संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने बाद में कहा कि एक खोज और बचाव अभियान में मलबा मिला है और कोई भी जीवित नहीं बचा है। 

उन्होंने कहा कि आठ लोगों के शव पूर्वी कांगो के सबसे बड़े शहर गोमा लाए गए। दुजारिक ने कहा, ‘हम पाकिस्तानी चालक दल के छह सदस्यों और रूस और सर्बिया के दो सैन्य कर्मचारियों के परिवारों और उनके देश की सरकारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं। दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच चल रही है।’ इनपुट- भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश