1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. वेनेजुएला की तरफ बढ़ा अमेरिकी युद्धपोत, मादुरो ने कहा, 'जंग छेड़ने की तैयारी कर रहे ट्रंप'

वेनेजुएला की तरफ बढ़ा अमेरिकी युद्धपोत, मादुरो ने कहा, 'जंग छेड़ने की तैयारी कर रहे ट्रंप'

 Published : Oct 25, 2025 10:31 pm IST,  Updated : Oct 25, 2025 10:31 pm IST

वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने अमेरिका पर आरोप लगाया कि वह उनके खिलाफ युद्ध छेड़ने की तैयारी कर रहा है। यह बयान उस समय आया जब अमेरिकी युद्धपोत USS जेराल्ड आर फोर्ड वेनेजुएला के तट के पास पहुंच गया है।

Nicolas Maduro, Venezuela, US warship, USS Gerald R. Ford, Donald Trump- India TV Hindi
वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप। Image Source : AP

काराकस: वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने अमेरिका पर गंभीर आरोप लगाया है। मादुरो ने कहा है कि अमेरिका उनके खिलाफ जंग छेड़ने की तैयारी कर रहा है। बता दें कि मादुरो और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप में छत्तीस का आंकड़ा है। ट्रंप ने मादुरो को ड्रग तस्करी करने वाले संगठन का मुखिया तक करार दिया है। बता दें कि मादुरो का यह बयान तब आया है जब दुनिया का सबसे बड़ा युद्धपोत USS जेराल्ड आर फोर्ड वेनेजुएला के तटों के करीब पहुंचा है। इस युद्धपोत में 90 विमान और हमलावर हेलीकॉप्टर तैनात किए जा सकते हैं।

मादुरो ने ट्रंप सरकार पर निशाना साधा

शुक्रवार रात को एक राष्ट्रीय प्रसारण में मादुरो ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, 'अमेरिका ने वादा किया था कि वह फिर कभी जंग में नहीं उलझेगा, लेकिन अब वह एक नई और बेबुनियाद जंग को हवा दे रहा है, जिसे हम टालने की कोशिश करेंगे।' मादुरो ने ट्रंप के उस दावे को भी खारिज किया, जिसमें उन्हें बिना सबूत के ट्रेन डी अरागुआ नामक संगठित अपराध गिरोह का सरगना बताया गया था। मादुरो ने इसे 'बदनाम करने वाली, गंदी और पूरी तरह झूठी कहानी' करार दिया। उन्होंने कहा, 'वेनेजुएला ऐसा देश नहीं है, जहां कोकीन की खेती होती हो।'

युद्धपोत की तैनाती ने बढ़ाया तनाव

बता दें कि अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला के तटों के पास कई नावों को नष्ट किया है, जिन पर कथित तौर पर अमेरिका में नशीले पदार्थों की तस्करी का इल्जाम था। इन हमलों में कम से कम 43 लोगों की मौत हो चुकी है। वेनेजुएला की एक जेल से शुरू हुआ एक अपराधी गिरोह ट्रेन डी अरागुआ को वैश्विक नशा तस्करी में बड़ी भूमिका के लिए नहीं, बल्कि सुपारी हत्याओं, उगाही और मानव तस्करी जैसे अपराधों के लिए जाना जाता है। मादुरो पर पिछले साल के चुनावों में धांधली का भी इल्ज़ाम है। अमेरिका सहित कई देशों ने उनकी सरकार को गैरकानूनी करार देते हुए उन्हें सत्ता छोड़ने की मांग की है। इस बीच, युद्धपोत की तैनाती ने दोनों देशों के बीच तनाव को और बढ़ा दिया है। (AP)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश