उरूम्की: चीन तथा पाकिस्तान ने बुधवार को 10.35 अरब युआन (1.6 अरब अमेरिकी डॉलर) के 20 सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर किए और चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (सीपीईसी) पर करामे मैनिफेस्टो जारी किया, जो चीन के बेल्ट एंड रोड पहल की मुख्य परियोजना है।
उत्तर जिनजियांग के करामे शहर में प्रथम चीन-पाकिस्तान इकोनॉमिक फोरम के समापन समारोह के मौके पर विभिन्न कंपनियों, थिंक टैंक तथा सामाजिक संगठनों के 300 से अधिक अधिकारी समझौते का गवाह बने।
दो दिवसीय समारोह के दौरान शहर से शहर तथा औद्योगिक सहयोग व युवाओं का आदान-प्रदान जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
दोनों देशों ने ऊर्जा व बिजली परियोजनाओं के माध्यम से द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देने का संकल्प लिया और शिक्षा तथा स्वास्थ्य देखभाल क्षेत्र में भी एक दूसरे का सहयोग करेंगे।
करामे मेनिफेस्टो के मुताबिक, सीपीईसी फोरम का आयोजन नियमित तौर पर किया जाएगा। इसमें राजनीतिक विश्वास, आर्थिक सहयोग तथा सांस्कृतिक आदान-प्रदान के लिए बेल्ट एंड रोड योजना तथा 21वीं सदी की समुद्री सिल्क रोड पहल के महत्व की प्रशंसा की गई है।
सीपीईसी पाकिस्तान के ग्वादर बंदरगाह को जिनजियांग से सड़क, रेलवे तथा पाइपलाइन से जोड़ेगा। यह चीन के सिल्क रोड इकोनॉमिक बेल्ट तथा 21वीं सदी के समुद्री सिल्क रोड के लिए महत्वपूर्ण छह आर्थिक गलियारों में से एक है।