अंकारा: दक्षिण-पूर्वी तुर्की में रविवार को एक कार बम विस्फोट में तुर्की के एक सैनिक की मौत हो गई और 21 अन्य जवान घायल हो गए। तुर्की में एक के बाद एक बम विस्फोट हो रहे हैं, जिन्हें रोकने में तुर्की प्रशासन सफल नहीं हो पा रहा है।
तुर्की के सशस्त्र बल के स्थानीय मुख्यालय को उड़ाने की थी साजिश
तुर्की की निजी समाचार एजेंसी 'डोगान' की सोमवार की रिपोर्ट के अनुसार, आतंकवादी संगठन कुर्दिश वर्कर्स पार्टी (पीकेके) के धड़े के आतंकवादियों ने दियारबकिर प्रांत के डिक्ले नगर में सशस्त्र बल के मुख्यालय को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाने के लिए कार में विस्फोट किया। आतंकियों की इस वारदात में तुर्की के एक सैनिक की मौत हो गई और 21 अन्य सैनिक व अधिकारी घायल हो गए। घायलों में से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है।
सैन्य रिहायशी बिल्डिंग्स को पहुंचा नुकसान
रिपोर्ट के अनुसार, विस्फोट से इलाके में स्थित सैन्य रिहायशी इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है। डिक्ले नगर की तरफ जा रहे तुर्की सुरक्षाबल भी हमले की चपेट में आ गए। पिछले साल जुलाई में सरकार व पीकेके के बीच दो साल का संघर्षविराम खत्म हो गया। इसके खत्म होने के बाद से तुर्की के सुरक्षाबलों ने दक्षिण-पूर्वी तुर्की में पीकेके के खिलाफ बड़े पैमाने पर अभियान चलाया, जिसमें तुर्की सुरक्षाबल के 260 से ज्यादा जवान मारे गए और हजारों पीकेके सदस्यों की भी मौत हो गई।