काबुल: अफगानिस्तान में कई इलाकों पर कब्जे को लेकर आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) और तालिबान आतंकवादियों के बीच हुए संघर्ष में आईएस ने कथित तौर पर 10 तालिबान आतंकवादियों के सिर कलम कर दिए। समाचार एजेंसी एफे ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अफगानिस्तान सेना के 201वें दस्ते से संबद्ध नुमान हातिफी ने बताया कि आईएस आतंकवादियों के एक समूह ने पूर्वी नांगरहार प्रांत के एक सुदूरवर्ती इलाके में दर्जन भर तालिबान आतंकवादियों को घेर लिया और उनके सिर कलम कर दिए।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि तालिबान आतंकवादी अफगान सुरक्षा बलों के साथ सशस्त्र मुठभेड़ के बाद भागने की कोशिश कर रहे थे, तभी वे आईएस आतंकवादियों के हत्थे चढ़ गए।
नांगरहार के कई क्षेत्रों पर नियंत्रण हासिल करने को लेकर आईएस और तालिबान के बीच पिछले कुछ सप्ताहों में हुए संघर्षो में दर्जनों आतंकवादी मारे गए हैं या फिर घायल हुए हैं।
हातिफी ने बताया कि हाल ही में अफगानिस्तान में पनपे आईएस आतकंवादी समूह ने तालिबान आतंकवादियों से कई इलाके छीन लिए हैं और युवा लड़ाकों की भर्ती भी शुरू कर दी है।
पाकिस्तान से सटे अफगानिस्तान का नांगरहार क्षेत्र आतंकवादियों के लिए काफी रणनीतिक महत्व वाला माना जाता है।