बीजिंग: चीन के सिचुआन प्रांत में 1,200 साल पुराना बौद्ध उपवन मिला है। स्थानीय अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने खबर साझा की है कि सिचुआन की राजधानी चेंगदू में एक निर्माणाधीन इमारत के पास इस माह की शुरुआत में तांग वंश (618 ईसवी-907 ईसवी) के इस उपवन की खुदाई पूरी कर ली गई।
पुरातत्वविदों ने 2,500 वर्ग मीटर उपवन के अवशेष की खोज की है। इस दौरान उन्हें 90 मीटर लंबी नहर और एक तालाब भी मिला है।
खुदाई परियोजना के प्रमुख यी ली ने कहा कि यह उपवन इसी अवधि के दौरान एक बौद्ध मंदिर के निकट मानव निर्मित परिदृश्य का हिस्सा हो सकता है। 100 साल पहले किंग राजवंश के समय में बनाए गए इस मंदिर के पास से कई बौद्ध मूर्तियां मिली थीं।
इस स्थान से मिट्टी के बर्तन और पत्थर की बौद्ध मूर्तियां भी मिली हैं।
पुरातत्वविदों के अनुसार, तांग वंश के कार्यकाल के दौरान शाही दरबार, मंदिरों और निजी निवास स्थलों पर उद्यान बनाए जाते थे।