कराची: पाकिस्तान के बंदरगाह शहर कराची में एक झुुग्गी बस्ती में अस्थायी घरों पर चट्टान गिर जाने के कारण सात बच्चों सहित कम से कम 13 लोगों की मौत हो गयी। गुलिस्तान-ए-जौहर इलाके में यह हादसा आज सुबह उस समय हुआ जब एक विशाल चट्टान और मिट्टी एक पहाड़ी की तराई में स्थित तीन झुग्गियों पर गिर गयी। इस हादसे में सो रहे 13 लोगों की मौत हो गयी। कराची के आयुक्त शोएब सिद्दकी ने बताया, सात बच्चे और तीन महिलाओं सहित 13 लोग जिंदा दफन हो गये।
घटना के बाद वहां पहुंचे बचाव दल ने शवों को मलबे से बाहर निकाला। ये पीडि़त पंजाब के बहावलपुर और रहीमयार खान जिले से ताल्लुक रखते थे। प्रशासन शवों को उनके पैतृक इलाके भेजने का इंतजाम कर रहा है। प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने घटना पर अफसोस व्यक्त किया है और अधिकारियों को पीडि़त परिवारों की मदद करने को कहा है।