कराची: अगले माह से चार दिवसीय अभियान शुरू करने वाले पोलियो उन्मूलन दलों की सुरक्षा के लिए पाकिसतान के दक्षिणी सिंध प्रांत में कम से कम 3,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि सिंध के मुख्यमंत्री सईद कायम अली शाह ने पुलिस महानिरीक्षक को विशेष निर्देश दिए हैं कि वह प्रांत में पोलियो उन्मूलन के लिए चार दिवसीय अभियान के तहत काम करने वाले पोलियो टीकाकरण दलों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। पोलियो उन्मूलन का यह अभियान तीन से छह नवंबर तक चलना है।
पुलिस अधिकारी मुनीर शेख ने कहा, यह फैसला कल आयोजित एक बैठक में लिया गया। बैठक का आयोजन प्रांत में पोलियो उन्मूलन अभियान के दौरान किए जाने वाले सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा के लिए किया गया था। इससे पहले इसी प्रांत में और कराची में पोलियो उन्मूलन दलों पर उन आतंकियों द्वारा हमले किए जा चुके हैं, जो कि पोलियो-रोधी टीकाकरण अभियान के खिलाफ हैं। शेख ने कहा कि मुख्यमंत्री ने बैठक में यह बिल्कुल स्पष्ट कर दिया कि वह टीकाकरण दलों के लिए पूर्ण सुरक्षा और भोजन एवं परिवहन की सुविधा सुनिश्चित करना चाहते हैं।
पिछले साल कराची के कय्यूमाबाद में पोलियो टीकाकरण दलों पर किए गए आतंकी हमलों में दो महिलाओं समेत तीन पोलियोकर्मी मारे गए थे। टीकाकरण दल के साथ सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी की भी सशस्त्र आतंकियों ने पिछले साल हत्या कर दी थी। दिसंबर 2012 में, शहर के लांधी, ओरंगी और बल्दिया में चल रहे पोलियो-रोधी अभियान के दौरान हुए ऐसे ही एक हमले में चार महिला स्वास्थ्यकर्मी मारी गई थीं।
सोहराब गोथ इलाके में ऐसी ही घटना के तहत संयुक्त राष्ट्र के एक स्थानीय अधिकारी पर भी हमला कर उसे घायल कर दिया गया। इन घटनाओं के बाद टीकाकरण दलों के लिए पर्याप्त सुरक्षा के अभाव में स्वास्थ्य अधिकारियों ने पोलियो-रोधी अभियानों को निलंबित कर दिया था। पाकिस्तान अभी तक पोलियो मुक्त देश नहीं बन पाया है। इस साल सिंध, बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा प्रांतों में पोलियो के कई मामले सामने आए हैं।