1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. सीरिया में हवाई हमलों में 34 मरे

सीरिया में हवाई हमलों में 34 मरे

 Written By: IANS
 Published : Apr 15, 2015 07:37 pm IST,  Updated : Apr 15, 2015 07:39 pm IST

दमिश्क: सीरिया के उत्तरपश्चिम और दक्षिणी हिस्सों में विद्रोहियों के कब्जे वाले इलाकों पर बुधवार को किए गए हवाई हमलों में 34 व्यक्ति मारे गए हैं। यह जानकारी एक निगरानी समूह ने दी। निगरानी संस्था,

- India TV Hindi

दमिश्क: सीरिया के उत्तरपश्चिम और दक्षिणी हिस्सों में विद्रोहियों के कब्जे वाले इलाकों पर बुधवार को किए गए हवाई हमलों में 34 व्यक्ति मारे गए हैं। यह जानकारी एक निगरानी समूह ने दी।

निगरानी संस्था, सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स ने कहा कि उत्तर पश्चिमी शहर इदलिब और उसके उपनगर साराकेब में हवाई बमबारी में 24 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो बच्चे भी शामिल हैं।

ब्रिटेन स्थित निगरानी संस्था ने कहा कि हवाई हमलों में एक इमारत को निशाना बनाया गया जहां पर नागरिक छिपे हुए थे। साथ ही उसने बताया कि एक अन्य हवाई हमला अबू अलदुहुर हवाईअड्डे के चारों ओर किया गया, जिसे इदलिब के ग्रामीण इलाकों में अलकायदा से जुड़े नुसरा फ्रंट ने घेर रखा है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, निगरानी संस्था ने कहा कि दक्षिणी प्रांत दारा में सीरियाई सेना द्वारा किए गए हवाई हमलों में सात बच्चों सहित 10 लोगों की मौत हो गई। दारा, जार्डन सीमा के निकट अलकायदा आतंकवादियों का एक प्रमुख ठिकाना है।

सीरिया की सरकारी समाचार एजेंसी सना ने कहा है कि सीरियाई सेना ने हवाई हमलों में इदलिब के ग्रामीण इलाकों में विद्रोहियों से संबंधित वाहनों और हथियारों को निशान बनाया।

सीरियाई सेना ने एक दिन पहले अलेप्पो शहर के पश्चिमी हिस्से में स्थित सरकारी नियंत्रण वाले जमीयत-अल-जहारा जिले पर नुसरा फ्रंट द्वारा किए गए एक हमले को असफल कर दिया था। इसी के एक दिन बाद अलेप्पो में यह अभियान चलाया गया।

नुसरा के आतंकवादियों ने एविएशन इंटेलिजेंस मुख्यालय के नीचे जमीयत-अल-जहारा इलाके में स्थित एक सुरंग को उड़ा दिया। इसके बाद मंगलवार को कई घंटों तक यहां लड़ाई जारी रही।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश