बेरूत: डॉक्टर्स विदआउट बॉर्डर्स (MSF) ने आज कहा कि हाल ही में सीरियाई अस्पतालों पर हवाई हमलों में काफी बढ़ोतरी हुई है जिसमें 35 मरीजों और चिकित्सकीय स्टाफ की मौत हो गई और 72 जख्मी हुए हैं। एक बयान में कहा गया है कि किन वायु सैनिकों ने हमलों में बढ़ोतरी की है, समूह उनकी पहचान नहीं पाया है। यह हमले सितंबर के आखिर में शुरू हुए थे, जिसमें इदलिब, अलेप्पो और हामा प्रांत में 12 अस्पतालों को निशाना बनाया गया था। इनमें से छह MSF की सहायता से चल रहे थे।
अंतरराष्ट्रीय चिकित्सा सहायता समूह ने कहा कि कुल छह अस्पतालों को बंद करना पड़ा और चार ऐंबुलेंस नष्ट हो गईं। हालांकि एक अस्पताल फिर से खुला है लेकिन इसमें, आपातकालीन सेवाएं, मातृत्व, बाल चिकित्सा, प्राथमिक उपचार सेवाएं गंभीर रूप से प्रभावित हैं। बयान में कहा गया है कि हजारों लोग हमलों की वजह से अपना घर छोड़कर जा चुके हैं। सीरिया के लिए MSF के प्रमुख सिल्वेन ग्रोउलक्स ने कहा, जंग के चार साल से ज्यादा समय के बाद मैं अब तक हैरत में हूं कि संघर्ष में शामिल सभी पक्ष कैसे अंतरराष्ट्रीय कानूनों का इतनी आसानी से उल्लंघन कर सकते हैं।