दमिश्क: शनिवार को सीरिया के उत्तरी शहर अलेप्पो के कुर्द बहुल जिले में विद्रोहियों की गोलीबारी में 40 लोगों की मौत हो गई। सीरिया के सरकारी टेलीविजन चैनल ने रूस के एक निगरानी अड्डे के हवाले से यह जानकारी दी। अल-कायदा से जुड़े नुसरा फ्रंट के विद्रोहियों ने अलेप्पो के कुर्द बहुल जिले को अपना लक्ष्य बनाया। इस जिले को कुर्द लोगों की 'संरक्षण इकाई' द्वारा नियंत्रित किया जाता है, जिसे YPG भी कहते हैं। इस गोलीबारी में 100 लोग घायल हुए हैं।
इस बीच, सीरिया के सरकारी टेलीविनज चैनल द्वारा दी गई जानकारी में विद्रोहियों द्वारा अलेप्पो शहर के सरकार नियंत्रित इलाकों में इसी तरह की गोलीबारी में एक बच्चे सहित 11 लोगों की मौत हो गई। 'सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स' ने कहा कि शनिवार को हुई गोलीबारी अत्यधिक भयानक थी। सीरियाई सेना, अलेप्पो में बसे नुसरा और अन्य विद्रोही संगठनो के खिलाफ युद्ध अभियान में व्यस्त है। अमेरिका द्वारा समर्थित सीरिया डेमोक्रेटिक फोर्सेज विद्रोही अब भी इस्लामिक स्टेट (आईएस) संगठन द्वारा नियंत्रित शहर मनबेज की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं।
पहले भी हो चुके हैं इस तरह के हमले
पिछले दिनों सीरिया के अलेप्पो शहर में एक अस्पताल में किए गए हमले में 20 नागरिको की मौत हो गई थी। नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों ने इस बात की पुष्टि की थी। स्वयंसेवकों ने बताया था कि पूर्वी अलेप्पो में अल सुक्कारी के निकट अल कुद्स अस्पताल और एक निकटवर्ती रिहाइशी इमारत को निशाना बनाकर किए गए हवाई हमलों में एक दंत चिकित्सक और दो बच्चों समेत एक परिवार के पांच सदस्य शामिल थे।
घटनास्थल पर मौजूद एएफपी के एक संवाददाता ने बताया कि मारे गए लोगों में एक चिकित्सक भी शामिल थे जो अलेप्पो के विद्रोहियों के कब्जे वाले पूर्वी निकटवर्ती इलाकों में एकमात्र बाल चिकित्सक था। सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स समूह ने पुष्टि की कि ‘शासन के विमानों’ ने छापे मारे थे और उसने बताया कि मारे गए लोगों में अस्पताल के दो सुरक्षाकर्मी और एक चिकित्सक शामिल थे। एएफपी की एक वीडियो फुटेज में बुरी तरह क्षतिग्रस्त अस्पताल, पीड़ितों को एम्बुलेंस के जरिए ले जा रहे राहत कर्मियों और एक बच्चे को पकड़े रो रहे एक व्यक्ति की तस्वीरें दिखाई दे रही थी।