बगदाद: इराक की राजधानी बगदाद में हुए एक बम हमले में 40 लोग मारे गए और 50 से ज्यादा लोग घायल हो गए। यह हमला शुक्रवार को विस्फोटकों से लदे एक ट्रक के माध्यम से किया गया। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार एक सूत्र ने बताया, "क्षेत्र के शिया बहुल इलाके खान बानी साद के बाजार में शुक्रवार रात ट्रक बम में विस्फोट कर दिया गया।" सूत्र ने बताया कि विस्फोट में 40 लोगों की मौत हो गई। विस्फोट इतना भयानक था कि लोगों के शरीर के टुकड़े टुकड़े हो गए। घायलों को आनन फानन में पास के अस्पतालों में ले जाया गया। मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
सूत्र ने बताया कि विस्फोट की चपेट में आकर इलाके में कई दुकानें और वाहन जल गए। सुरक्षा बलों ने और हमलों की आशंका के मद्देनजर इलाके की नाकेबंदी कर दी है। इराक में 2014 में सुरक्षा बलों और आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (स्टेट) के बीच संघर्ष और रक्तपात के बाद से सुरक्षा हालात बदतर स्थिति में हैं।