बेरूत: सीरिया की लड़ाई से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां के शहर अलेप्पो में विद्रोहियों के सबसे बड़े गठबंधन आर्मी ऑफ कॉन्क्वेस्ट का नेता हवाई हमले में मारा गया है। उसके साथ ही एक और कमांडर की इस हमले में मौत हुई है। अबु हाजेर अल-होम्सी नाम का यह कमांडर एक रेड में अलेप्पो के ग्रामीण इलाके में मारा गया। अबू का असली नाम अबु उमर सरकेब बताया जा रहा है। जब हवाई हमला हुआ उस समय विद्रोही एक बैठक में हिस्सा ले रहे थे।
पहले अल-नुसरा फ्रंट और बाद में फतेह अल-शाम फ्रंट नाम से चर्चित जिहादी संगठन ने सोशल नेटवर्किंट साइट ट्विटर पर सीरिया के अलेप्पो प्रांत में एक हवाई हमले के दौरान कमांडर अबु उमर सरकेब की कथित शहादत के बारे में बताया है। सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स ने कहा कि गुरुवार रात अज्ञात फाइटर प्लेन ने आर्मी ऑफ कॉनक्वेस्ट की बैठक पर प्रहार किया और उसमें सरकेब और अबू मुस्लिम अल-शामी नामक एक अन्य विद्रोही कमांडर मारे गए।
सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स के प्रमुख रामी अब्दुल रहमान ने कहा कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह हमला अमेरिकी नेतृत्व वाले गठबंधन या रूस अथवा सीरियाई शासन ने किया। ये तीनों ही उत्तर सीरिया में बमबारी कर रहे हैं। इस मानवाधिकार संगठन के अनुसार अबू उमर सकरेब इराक में वर्ष 2003 के बाद अमेरिकी अगुवाई वाले आधिपत्य के खिलाफ अल-कायदा के संघर्ष में उसका एक अहम सदस्य था। बाद में वह सीरिया में अल नूसरा फ्रंट का और फिर फतेह अल शाम का अहम कमांडर बना।
सीरिया में आर्मी ऑफ कॉनक्वेस्ट सबसे बड़ा विद्रोही गठबंधन है। इस गठबंधन में इस्लामी गुट अहरार अल-शाम और फयलाक अल-शाम के साथ फतेह अल-शाम फ्रंट भी जुड़ा है। फतेह अल-शाम फ्र्रंट पूर्व में अलकायदा से संबद्ध अल-नुसरा फ्रंट था। सीरियन ऑब्जर्वेटरी के अनुसार पिछले साल सीरिया के उत्तरी पश्चिमी इदलिब प्रांत में कब्जे को लेकर हुयी लड़ाई में अबु उमर ने विद्रोही संगठन का नेतृत्व किया था।