काबुल: अफगानिस्तान की खुफिया सेवा ने आज कहा कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी के एक अधिकारी ने इस हफ्ते की शुरूआत में काबुल में संसद पर हुए हमले में तालिबान की मदद की थी। अफगान खुफिया सेवा के प्रवक्ता हसीब सिद्दीकी ने कहा कि पाकिस्तान की आईएसआई के एक अफसर ने संसद के बाहर हमले को अंजाम देने में हक्कानी नेटवर्क की मदद की थी। इस हमले में दो लोग मारे गये और 30 से ज्यादा घायल हो गये।
सिद्दीकी ने आईएसआई अधिकारी की पहचान बिलाल के तौर पर की है और पूरा नाम नहीं बताया। उन्होंने कहा कि सोमवार के हमले में इस्तेमाल आत्मघाती कार बम पाकिस्तान के पेशावर में बनाया गया था। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान के अधिकारियों को 10 जून को हमले के बारे में बता दिया गया था और अतिरिक्त सुरक्षा की गयी थी। पाकिस्तानी अधिकारियों की तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।