काबुल: अफगानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन (यूएनएएमए) के प्रमुख निकोलस हेसम ने देश के प्रधानमंत्री अब्दुल्ला अब्दुल्ला के साथ बैठक कर यहां सुरक्षा की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, दोनों नेताओं की मुलाकात रविवार को काबुल में हुई। इस संबंध में जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, "दोनों नेताओं ने सुरक्षा की स्थिति पर विचार साझा किए। अब्दुल्ला ने हाल ही में उत्तरी और दक्षिणी प्रांतों की अपनी यात्रा के बारे में भी बताया और निकोलस को वहां की सुरक्षा स्थिति से अवगत कराया।"
संयुक्त राष्ट्र के प्रतिनिधि ने अफगानिस्तान सरकार की तालिबान के साथ सीधी वार्ता का स्वागत किया। यह बातचीत पिछले सप्ताह इस्लामाबाद में हुई थी। निकोलस ने कहा कि यूएनएएमए शांति वार्ता का समर्थन करता है और दोनों पक्षों से शांति प्रक्रिया और सुलह के लिए अगला कदम उठाने का अनुरोध करता है। निकोलस ने अफगानिस्तान सरकार से चुनाव से संबंधित कानून एवं चुनाव आयोग में सुधार की प्रक्रिया में तेजी लाने का अनुरोध भी किया।