सियोल: दक्षिण कोरिया में आठ दिनों के अंतराल के बाद मिडल ईस्ट रेस्पिरेटरी सिंड्रोम (मर्स) से मौत का पहला मामला सामने आया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, दक्षिण कोरिया के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश के अंदर मर्स वायरस के संक्रमण में हाल में गिरावट देखी गई थी। रविवार तक मर्स का एक भी नया मामला सामने नहीं आया था और मर्स संक्रमित मरीजों की संख्या 186 से आगे नहीं बढ़ी थी।
देश में मंगलवार को एक मर्स पीड़ित मरीज की मौत के बाद मर्स से हुई मौतों की संख्या 34 और मृत्यु दर 18.3 फीसदी हो गई। दक्षिण कोरिया की सरकार की योजना है कि यदि 28 दिनों में मर्स का कोई नया मामला सामने नहीं आता है तो देश में मर्स संक्रमण की समाप्ति की घोषणा कर दी जाएगी। मर्स संक्रमितों में से 119 को अब तक अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है। 33 मरीजों का अब भी इलाज चल रहा है, जिनमें से नौ की स्थिति गंभीर है। मर्स संक्रमण के संदिग्धों की संख्या बुधवार को बढ़कर 811 हो गई, जबकि मंगलवार को यह 674 थी।