बीजिंग: पाकिस्तानी आतंकियों द्वारा पठानकोट में भारतीय वायुसेना के अड्डे पर किए गए हमले के मद्देनजर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहाकार अजीत डोवाल की चीन यात्रा को टाल दिया गया है। चीन के शीर्ष नेताओं के साथ बातचीत के लिए डोवाल की यह यात्रा कल से शुरू होनी थी। चीनी विदेश मंत्रालय के अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम संबंधी समस्याओं के चलते यात्रा टाल दी गई है।
भारतीय अधिकारियों ने कहा कि, डोवाल की यात्रा का कार्यक्रम दोबारा बनाया जाएगा क्योंकि इस समय वह पठानकोट की घटना से निपटने में व्यस्त हैं।
डोवाल भारत-चीन सीमा वार्ताओं के विशेष प्रतिनिधि भी हैं। उन्हें कल यहां दो दिवसीय यात्रा पर आना था, जिसके दौरान उन्होंने अपने चीनी समकक्ष यांग जीची के साथ सीमाई विवाद समेत प्रमुख द्विपक्षीय मुद्दों पर बातचीत करनी थी। उन्होंने चीनी प्रधानमंत्री ली क्विंग से भी बुधवार को मुलाकात करनी थी।
डोवाल और यांग सीमाई मुद्दे पर वार्ताओं के विशेष प्रतिनिधि हैं। अब तक दोनों देश सीमा वार्ताओं के 18 दौर आयोजित कर चुके हैं।