इस्लामाबाद: पाकिस्तान के मौलाना फजलुर रहमान ने प्रधानमंत्री इमरान खान को इस्तीफा देने के लिए रविवार तक की मोहलत दी थी। इस्तीफे के लिए दी गई इस समयसीमा रविवार रात समाप्त हो जाने के बाद मौलाना फजलुर रहमान ने पूरे देश में बंद की धमकी दी है। जमीयत-उलेमा-ए-इस्लाम फज़ल (JUI-F) के प्रमुख रहमान ने 2 दिन का अल्टिमेटम खत्म होने के बाद इस्लामाबाद में एक प्रदर्शन रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मकसद पूरा होने तक प्रदर्शन जारी रहेगा। रहमान ने कहा कि लोगों की भीड़ इमरान को सत्ता से बेदखल करने तक बनी रहेगी।
Related Stories
‘अभी इस्लामाबाद बंद है, पूरा देश बंद करेंगे’
मौलाना ने गरजते हुए कहा, ‘यह साफ है कि शासन करने वालों को जाना होगा और लोगों को निष्पक्ष चुनाव के जरिए नया शासक चुनने का मौका देना होगा। यह स्पष्ट है कि इससे अलावा और कोई विकल्प नहीं है। अभी इस्लामाबाद बंद है, फिर हम पूरा पाकिस्तान बंद करेंगे। हम रुकेंगे नहीं और अपनी लड़ाई को जारी रखेंगे।’ उन्होंने कहा कि वह सोमवार को विपक्ष के अन्य नेताओं से मुलाकात की योजना बना रहे हैं ताकि आगे के कदम के बारे में सर्वसम्मति से फैसला किया जा सके। उन्होंने कहा, ‘यह आंदोलन और लोगों की भीड़ इमरान खान को सत्ता से बाहर करने तक बनी रहेगी।’
इमरान ने कहा, इस्तीफा देने का कोई प्लान नहीं
रहमान ने खान पर इस्तीफे का दबाव बनाने के लिए पिछले सप्ताह इस्लामाबाद तक अपने समर्थकों के ‘आजादी मार्च’ का नेतृत्व किया था। उन्होंने खान को ‘अवैध’ शासक बताया था। रहमान ने प्रधानमंत्री खान के पद छोड़ने के लिए रविवार तक की समयसीमा दी थी। रहमान का दावा है कि 2018 में हुए चुनाव में धांधली हुई थी और पाकिस्तान की शक्तिशाली सेना ने खान को समर्थन दिया था। वहीं, सेना ने इन आरोपों से इनकार किया है। प्रधानमंत्री ने कहा है कि उनकी इस्तीफा देने की कोई योजना नहीं है। इस बीच सरकार ने राजधानी में शांति बनाए रखने के लिए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए है।