1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. बांग्लादेश में बंद पांच मई तक बढ़ा, लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं कोरोना वायरस संक्रमण के मामले

बांग्लादेश में बंद पांच मई तक बढ़ा, लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं कोरोना वायरस संक्रमण के मामले

 Written By: Bhasha
 Published : Apr 23, 2020 06:41 pm IST,  Updated : Apr 23, 2020 06:45 pm IST

बांग्लादेश में चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों सहित अन्य लोगों के बीच कोविड-19 के संक्रमण का खतरा बढ़ने की चेतावनी के मद्देनजर देशव्यापी बंद (शटडाउन) को पांच मई तक के लिये बढ़ा दिया गया है।

Bangladesh- India TV Hindi
Representational Image Image Source : AP

ढाका. बांग्लादेश में चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों सहित अन्य लोगों के बीच कोविड-19 के संक्रमण का खतरा बढ़ने की चेतावनी के मद्देनजर देशव्यापी बंद (शटडाउन) को पांच मई तक के लिये बढ़ा दिया गया है। बांग्लादेश में कोरोना वायरस संक्रमण के 414 नए मामले सामने आने के साथ कुल मामले बढ़ कर 4,186 हो गये हैं।

सरकार ने कोरोना वायरस संक्रमण को फैलने से रोकने के लिये 26 मार्च को 10 दिनों के लिये छुट्टी की घोषणा की थी जिसे क्रमिक रूप से 25 अप्रैल तक बढ़ा दिया गया क्योंकि देश में कोविड-19 के मामलों में वृद्धि होती रही और संक्रमण से मरने वाले लोगों की संख्या बढ़ी।

मंत्रिमंडल प्रभाग के प्रवक्ता ने पीटीआई-भाषा से कहा कि सरकार देशव्यापी बंद पांच मई तक बढ़ाएगी क्योंकि स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक यह महामारी देश के 64 प्रशासनिक जिलों में से 58 में फैल चुकी है, जिससे समुदाय स्तर पर स्थिति बिगड़ने का संकेत मिलता है। प्रवक्ता ने कहा कि बंद की अवधि बढ़ाने के बारे में आधिकारिक घोषणा शीघ्र होने की उम्मीद है।

उल्लेखनीय है कि स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय ने कहा है कि कोरोना वायरस संक्रमण से बीते एक दिन में सात और लोगों की मौत हो गई है। ये सभी लोग ढाका से थे। इस बीच, स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी इस महामारी से सर्वाधिक पीड़ित नजर आ रहे हैं क्योंकि अब तक 186 चिकित्सक सहित 334 स्वास्थ्यकर्मी संक्रमित हुए हैं। संक्रमण के मामलों के पेशेवर वर्गीकरण में पुलिसकर्मी दूसरे स्थान पर हैं। अधिकारियों ने बताया कि बुधवार तक 217 पुलिसकर्मियों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश