1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. बेनजीर भुट्टो की बेटियों ने परवेज मुशर्रफ को 'हत्यारा' करार दिया

बेनजीर भुट्टो की बेटियों ने परवेज मुशर्रफ को 'हत्यारा' करार दिया

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 22, 2017 09:19 pm IST,  Updated : Sep 22, 2017 09:19 pm IST

बेनजीर भुट्टो की बेटियों ने परवेज मुशर्रफ को उनके पिता और पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के नेता आसिफ अली जरदारी को बेनजीर की हत्या में शामिल होने का आरोप लगाने पर आड़े हाथों लेते हुए उन्हें 'हत्यारा' करार दिया...

Pervez Musharraf- India TV Hindi
Pervez Musharraf | AP Photo

इस्लामाबाद: पाकिस्तान की पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो की बेटियों ने पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ को उनके पिता और पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के नेता आसिफ अली जरदारी को बेनजीर की हत्या में शामिल होने का आरोप लगाने पर आड़े हाथों लेते हुए उन्हें 'हत्यारा' करार दिया। बेनजीर की सबसे बड़ी बेटी बख्तावर भुट्टो जरदारी ने ट्वीट कर पूर्व जनरल को 'कायर' कहा। उन्होंने कहा कि मुशर्रफ को टीवी टॉक शो छोड़कर अदालत का सामना करना चाहिए।

बेनजीर-जरदारी की दूसरी बेटी आसिफा भुट्टो जरदारी ने भी ट्विटर पर हैशटेग 'शेमऑनमुशर्रफ' के साथ मुशर्रफ पर आरोप लगाते हुए कहा, ‘वह पीड़ितों पर आरोप लगा रहे हैं।’ उन्होंने मीडिया को भी मुशर्रफ को कवरेज देने के लिए आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वह ‘एक भगोड़े हत्यारे को मीडिया की ओर से कवरेज दिए जाने पर निराश और चकित’ हैं। मुशर्रफ ने गुरुवार को एक वीडियो संदेश में कहा था, ‘भुट्टो परिवार के सभी दुखों के लिए और बेनजीर एवं मुर्तजा भुट्टो की हत्या का जिम्मेदार और कोई नहीं, बल्कि आसिफ अली जरदारी हैं।’

उन्होंने कहा था कि जरदारी ने अपने कार्यकाल के दौरान मुर्तजा भुट्टो की हत्या की जांच के लिए कुछ नहीं किया। मुशर्रफ ने यह बयान ऐसे समय दिया है, जब एक दिन पहले ही उन्हें बेनजीर भुट्टो की हत्या के मामले में आरोपी बनाया गया है। उल्लेखनीय है कि 31 अगस्त को रावलपिंडी की एक अदालत ने आतंकवादी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान(TTP) के 5 सदस्यों को बेनजीर हत्या मामले में सबूतों के अभाव मे बरी कर दिया था। बेनजीर भुट्टो की 27 दिसंबर, 2007 को हत्या कर दी गई थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश