1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान की सड़क पर हुआ विस्फोट, चीनी इंजीनियर घायल

पाकिस्तान की सड़क पर हुआ विस्फोट, चीनी इंजीनियर घायल

 Written By: India TV News Desk
 Published : May 30, 2016 11:34 pm IST,  Updated : May 30, 2016 11:34 pm IST

पाकिस्तान में सड़क किनारे सोमवार को हुए एक विस्फोट में एक चीनी इंजीनियर और उसका पाकिस्तानी ड्राइवर घायल हो गए हैं।

pakistan blast- India TV Hindi
pakistan blast

कराची: पाकिस्तान में सड़क किनारे सोमवार को  हुए एक विस्फोट में एक चीनी इंजीनियर और उसका पाकिस्तानी ड्राइवर घायल हो गए हैं। इस हमले की जिम्मेदारी एक लगभग अज्ञात अलगाववादी समूह ने लेते हुए 46 अरब डॉलर की लागत वाली महत्वकांक्षी चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे का काम अवरूद्ध करने की कसम खाई है।

कराची के गुलशन ए हदीद इलाके से गुजर रही एक मिनी बस सुबह साढ़े आठ बजे रिमोट कंट्रोल के जरिए किए गए इस बम विस्फोट की चपेट में आ गयी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राव अनवर ने पुष्टि की है कि उन्हें मौके से पर्चे मिले हैं जिनपर सिंधी भाषा में एक समूह सिंधुदेश रेवोल्यूशनरी पार्टी का नाम छपा हुआ है। अनवर ने कहा, हमें विस्फोट स्थल से सिंधी में लिखे पर्चे मिले हैं जिनमें सिंध के प्राकृतिक संसाधनों पर विदेशी नियंत्रण की निंदा की गई है। एक अन्य पर्चे में सिंधुदेश रेवोल्यूशनरी पार्टी ने चीन को सिंध के संसाधनों के लूट के विरूद्ध आगाह किया है।

पर्चे में कहा गया है, विश्व शक्ति के रूप में उभर रहे चीन को हम पाकिस्तान का सहयोगी मानते हैं और उसे सिंध का संसाधन लूटने के लिए प्रदेश को पंजाबी संगठन का गुलाम बनाने का सह-अपराधी भी मानते हैं, इसलिए गुलशन-ए-हदीद में चीनी नागरिक पर हुए बम हमले की जिम्मेदारी लेते हैं। उसमें कहा गया है, हम चीन को स्पष्ट करना चाहते हैं कि हम चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा सहित सिंध-विरोधी प्रत्येक परियोजना का विरोध करेंगे।   

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश