क्वेटा: पाकिस्तान के क्वेटा में एक बड़ा बम धमाका हुआ है। बुधवार सुबह ब्लास्ट किया गया। सूत्रों के मुताबिक यह ब्लास्च जिस जगह पर किया गया वहीं पास में ही एक पोलियो सेंटर भी था। प्राप्त जानकारी के मुताबिक इस धमाके में अब तक 15 लोगों की मौत हो गई है जबकि 20 से ज्यादा अन्य लोग बुरी तरह जख्मी हुए हैं। यह धमाका सेटेलाइट टाउन में किया गया। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए पास के अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है, वहीं इस मामले की जांच पड़ताल शुरु कर दी गई है।
सुबह-सुबह हुआ धमाका:
चश्मदीदों के मुताबिक यह धमाका आज (बुधवार) सुबह 9 बजे के करीब हुआ। लोग धमाके की आवाज से सहम गए। धमाके के बाद लोगों को फायरिंग की आवाज भी सुनाई दी। लोगों का कहना है कि धमाका जिस जगह हुआ उसके बेहद नजदीक एक पोलियो सेंटर था। आपको बता दें कि क्वेटा और बलूचिस्तान के अन्य जिलों में सोमवार से तीन दिवसीय पोलियो अभियान शुरु किया गया था और बुधवार को उसका आखिरी दिन है। इस कैंप में जिन बच्चों के लिए पोलियो की दवाएं भेजी जा रही हैं उनमें शरणार्थियों के बच्चे भी शामिल हैं। बहरहाल पुलिस और राहत दल ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया है। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरु कर दी है।