1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान में बम विस्फोट में 23 लोगों की मौत, 70 घायल

पाकिस्तान में बम विस्फोट में 23 लोगों की मौत, 70 घायल

 Written By: PTI
 Published : Dec 13, 2015 10:41 pm IST,  Updated : Dec 13, 2015 10:42 pm IST

पेशावर: पाकिस्तान में अफगानिस्तान की सीमा से सटे अशांत दक्षिण पश्चिम कबायली क्षेत्र में आज एक भीड़भाड़ वाले कपड़ा बाजार में एक शक्तिशाली बम विस्फोट में कम से कम 23 लोगों की मौत हो गयी

bomb blast- India TV Hindi
bomb blast

पेशावर: पाकिस्तान में अफगानिस्तान की सीमा से सटे अशांत दक्षिण पश्चिम कबायली क्षेत्र में आज एक भीड़भाड़ वाले कपड़ा बाजार में एक शक्तिशाली बम विस्फोट में कम से कम 23 लोगों की मौत हो गयी जबकि 70 अन्य घायल हो गए।

अधिकारियों ने बताया कि यह बम धमाका कुर्रम एजेंसी में पराचिनार इलाके के ईदगाह बाजार में हुआ। उस समय बाजार में बड़ी संख्या में लोग थे जो कपड़ों की खरीददारी के लिए पहुंचे थे। राजनीतिक प्रशासक अमजद अली खान ने बताया, धमाके में 23 लोगों की मौत हो गयी जबकि 70 अन्य घायल हो गए।

हमले की जिम्मेदारी कट्टरपंथी संगठन लश्कर-ए-झांगवी ने ली है। संगठन के प्रवक्ता अली अबु सुफियान ने कहा, ‘पराचिनार इलाके के ईदगाह बाजार में हुए बम विस्फोट की जिम्मेदारी हम लेते हैं। ईरान और बशर अल असद द्वारा सीरियाई मुसलमानों के खिलाफ किए जा रहे अपराधों का बदला लेने के लिए यह किया गया है।’

एक बयान में संगठन ने कहा यदि पराचिनार के लोगों ने सीरिया की लड़ाई में भाग लेने के लिए लोगों को भेजना बंद नहीं किया तो और हमले होंगे। इस बीच दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने बताया कि बम को कपड़ों की गांठ में छुपाया गया था।

मीडिया में आई खबरों के अनुसार, बम निरोधक दस्ते के अधिकारी ने बताया कि यह टाइम बम था। विस्फोट में कम से कम 30-35 किलोग्राम विस्फोटक का प्रयोग हुआ है।

घायलों को पराचिनार के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां के डॉक्टरों का कहना है कि ज्यादातर घायलों की हालत गंभीर है और मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।
पराचिनार के अस्पतालों में आपात स्थिति की घोषणा कर दी गयी है। सेना ने विस्फोट स्थल से गंभीर रूप से घायल 23 लोगों को हेलीकॉप्टर के माध्यम से पेशावर पहुंचाया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश