सना: दक्षिणी बंदरगाह शहर अदन में तीन विस्फोट हुये हैं। इन विस्फोटों में से एक विस्फोट एक होटल में हुआ है जहां पर कैबिनेट सदस्य और अन्य सरकारी अधिकारी रूके हुए हैं। यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार के लिए काम करने वाले सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि आज हुए विस्फोट में लोग हताहत हुए हैं लेकिन इसके बारे में अभी तक विस्तृत जानकारी नहीं मिली है।
होटल अल-कसर में रहते हैं प्रधानमंत्री औऱ सरकारी अधिकारी
उन्होंने बताया कि एक विस्फोट होटल अल-कसर में हुआ है जहां पर प्रधानमंत्री और अधिकारियों का निवास है। दो विस्फोट संयुक्त अरब अमीरात के सैनिकों के मुख्यालय में हुए है। अमीरात सउदी नेतृत्व वाले गठंबधन का हिस्सा है जो यमन के शिया विद्रोहियों से लड़ रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि होटल में आग लग गयी और घटनास्थल पर एम्बुलेंस देखी गयी। सभी अधिकारियों और प्रत्यक्षदर्शियों ने पहचान जाहिर नहीं करने की शर्त पर यह जानकारी दी क्योंकि वे बातचीत के लिए अधिकृत नहीं थे।
सितंबर में सऊदी अरब ने किए थे हवाई हमले
इसी साल सितंबर माह में यमन के हुदेदाह बंदरगाह में ईंधन तस्करों पर सउदी अरब की अगुवाई में हुए हवाई हमले किए गए थे। तब उन हमलों में वहां मौजूद कम से कम 20 भारतीय नागरिकों की जान चली गई थी।
इसे भी पढ़ें: यमन में संघर्ष में करीब 400 बच्चों की मौत : संयुक्त राष्ट्र