बेरूत: सीरिया की राजधानी दमिश्क के बाहरी इलाके में एक शिया दरगाह के पास बम विस्फोटों में कम से कम 71 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों घायल हो गए। एक निरीक्षक ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस्लामिक स्टेट ने इन विस्फोटों की जिम्मेदारी ली है। विस्फोट से सड़क पर बड़ा गड्ढा बन गया है और कारें तथा एक बस पलट गई। वाहनों के शीशे टूट कर आसपास बिखर गए।
यह विस्फोट ऐसे समय पर हुआ है जब संयुक्त राष्ट्र में सीरिया मामलों के दूत जिनीवा में नयी शांति वार्ताएं आयोजित करने के लिए प्रयासरत हैं। इन वार्ताओं में आईएस को शामिल नहीं किया गया है।
ब्रिटिश निगरानी संस्था सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स ने बताया कि कल सैयदा जैनब दरगाह के समीप हुए दो विस्फोटों में पांच बच्चों सहित 71 लोगों की जान चली गई।
निगरानी समूह के अनुसार, पहला विस्फोट आत्मघाती कार बम से हुआ और फिर दूसरा विस्फोट तब हुआ जब भीड़ वाली जगह पर एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को उड़ा लिया।
पहले सीरिया के सरकारी मीडिया की खबर में बताया गया था कि तीन विस्फोट हुए जिनमें 50 से अधिक लोग मारे गए और 100 से अधिक घायल हो गए।