मजार-ए-शरीफ: उत्तरी अफगानिस्तान के समांगन प्रांत में हजरत सुल्तान जिले में आज एक ट्रक से टकरा जाने के बाद बस के गहरे खड्डे में गिर जाने से कम से कम 24 यात्रियों की मौत हो गई। इस हादसे में मरने वालों में महिलाएं एवं बच्चे भी शामिल हैं।
हजरत सुल्तान जिले के गवर्नर सराजुद्दीन फितरत ने कहा, बस 50 से अधिक यात्रियों को लेकर काबुल से मजार-ए-शरीफ जा रही थी, उसी दौरान यह हादसा हुआ। हादसे में 24 लोगों की जान चली गई जबकि 17 अन्य घायल हो गए। हालांकि काबुल में रक्षा मंत्रालय ने मरने वालों की संख्या 43 बताई है।
पुलिसकर्मियों एवं बचावकर्मियों की टीम ने शव निकाले। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुनिया की सबसे खतरनाक सड़कों में कुछ अफगानिस्तान में हैं और उन पर जानलेवा हादसे होते रहते हैं।