1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान के पेशावर में बस में ब्लास्ट, 16 की मौत

पाकिस्तान के पेशावर में बस में ब्लास्ट, 16 की मौत

 Written By: Bhasha
 Published : Mar 16, 2016 11:11 am IST,  Updated : Mar 16, 2016 11:33 am IST

पाकिस्तान के पेशावर शहर में सरकारी कर्मचारियों को लेकर जा रही एक बस में आज शक्तिशाली बम विस्फोट हुआ जिसमें कम से कम 16 लोगों की मौत हो गयी और 30 अन्य लोग घायल हो गये।

peshawar- India TV Hindi
peshawar

पेशावर: पाकिस्तान के पेशावर शहर में सरकारी कर्मचारियों को लेकर जा रही एक बस में आज शक्तिशाली बम विस्फोट हुआ जिसमें कम से कम 16 लोगों की मौत हो गयी और 30 अन्य लोग घायल हो गये। वाहन में रखे बम में उस समय विस्फोट हुआ जब बस सरकारी कर्मचारियों को लेकर मर्दान से पेशावर पहुंची। जब बस में विस्फोट हुआ, उस समय वह सुनहरी मस्जिद रोड पर थी और नागरिक सचिवालय कर्मियों को ड्यूटी के लिए ले जा रही थी। पेशावर के एसएसपी अब्बास मजीद मारवात ने बताया कि सरकारी कर्मियों को लेकर जा रही बस को निशाना बना कर किये गये विस्फोट में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि जिस समय विस्फोट हुआ उस समय बस में करीब 50 लोग सवार थे। मरने वालों में दो महिलाएं और एक बच्चा भी शामिल है।

विस्फोट में कम से कम 30 लोग घायल हुये हैं। छावनी के एसपी काशिफ जुल्फीकार ने बताया कि बस में लगाए गये एक आईईडी के कारण विस्फोट हुआ। विस्फोट में करीब आठ किलोग्राम विस्फोटक इस्तेमाल किए गए थे। घायलों को लेडी रीडिंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में से अधिकांश की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों में से आठ को आईसीयू में भर्ती कराया गया है। सुरक्षा बलों और पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है और तलाश अभियान शुरू कर दिया है। विस्फोट के कारण निवासियांे के बीच भय और आतंक का माहौल है। द एक्सप्रेस ट्रिब्यून ने एक प्रत्यक्षदर्शी के हवाले से खबर दी है, बस की छत उड़ गई है और घायलों को निकालने के लिए इसे काटा जा रहा है। पेशावर में कानून प्रवर्तन कर्मियों के साथ-साथ नागरिकों को निशाना बना कर पूर्व में कई हमले किये गये हैं। इस शहर में 11 कोर का भी ठिकाना है।

यह पाकिस्तान सेना का प्रशासनिक कोर है जो खैबर पख्तूनख्वा में पूरी सैन्य गतिविधि का प्रबंध करता है और इस समय उत्तरी वजीरिस्तान में आतंकवादियों के खिलाफ एक अभियान में लगा हुआ है। प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने पेशावर में हमले की निंदा की है। उन्होंने हमले में लोगों के मारे जाने पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। शरीफ ने कहा, इन कायरतापूर्ण हमलों से आतंकवाद के खिलाफ हमारा संकल्प कमजोर नहीं हो सकता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश