1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. आखिर में चीन ने भी जो बाइडेन को दी चुनाव जीतने की बधाई, कहा-अमेरिकियों की पसंद का करते हैं सम्मान

आखिर में चीन ने भी जो बाइडेन को दी चुनाव जीतने की बधाई, कहा-अमेरिकियों की पसंद का करते हैं सम्मान

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 13, 2020 02:47 pm IST,  Updated : Nov 13, 2020 02:47 pm IST

चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता वांग वेनबिन ने कहा है कि उनका देश अमेरिकी लोगों की पसंद का सम्मान करता है और चीन जो बाइडेन तथा कमला हैरिस को चुनाव जीतने की शुभकामनाएं देता है।

बाइडेन और कमला हैरिस...- India TV Hindi
बाइडेन और कमला हैरिस को देर से बधाई देने के लिए हालांकि चीन की तरफ से कोई सफाई नहीं दी गई है Image Source : FILE

नई दिल्ली। चीन की सरकार ने भी आखिरकार अमेरिका में राष्ट्रपति पद का चुनाव जीतने के लिए डेमोक्रेट प्रत्याशी जो बाइडेन को बधाई दे दी है। जिस दिन यह तय हो गया था कि जो बाइडेन चुनाव जीत गए हैं और ट्रंप हार गए हैं, उस दिन डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि वे चुनाव नतीजों को न्यायालय में चुनौती देंगे। इसी को ध्यान में रखते हुए चीन और रूस ने जो बाइडेन को राष्ट्रपति पद का चुनाव जीतने के लिए बधाई नहीं दी थी लेकिन अब चीन ने बधाई दे दी है।

चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता वांग वेनबिन ने कहा है कि उनका देश अमेरिकी लोगों की पसंद का सम्मान करता है और चीन जो बाइडेन तथा कमला हैरिस को चुनाव जीतने की शुभकामनाएं देता है। बाइडेन और कमला हैरिस को देर से बधाई देने के लिए हालांकि चीन की तरफ से कोई सफाई नहीं दी गई है। भारत ने उसी दिन बाइडेन और कमला हैरिस को शुभकामनाएं दे दी थी जिस दिन चुनाव नतीजे घोषित हुए थे।

डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल के दौरान चीन और अमेरिका के रिश्ते मधुर नहीं रहे हैं, पहले डोनाल्ड ट्रंप ने चीन के खिलाफ ट्रेड वार छेड़ रखा था और बाद में दुनियाभर में कोरोना वायरस को फैलाने के लिए ट्रंप ने चीन पर निशाना भी साधा। ट्रंप कई बार कोरोना वायरस को चीनी वायरस कहकर बुलाते रहे हैं। हालांकि जो बाइडेन भी पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के कार्यकाल में अमेरिका के उप राष्ट्रपति रह चुके हैं और उनके कार्यकाल में भी उन्होंने कई बार चीन को लेकर अलग-अलग मुद्दों पर निशाना साधा है।  

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश