काबुल: चीन सरकार ने अफगानिस्तान को कृषि मशीनीकरण उपकरण दान किए हैं। 300 ट्रैक्टरों सहित कृषि कार्य से संबंधित दूसरे उपकरणों की खेप मंगलवार को अफगानिस्तान को सौंपी गई। कृषि उपकरणों को अफगानिस्तान के सुपुर्द करने के लिए आयोजित किए गए समारोह में चीन के राजदूत डेंग शिजुन ने कहा कि चीन और अफगानिस्तान के सहयोगात्मक संबंधों में कृषि एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है और उपकरणों की सुपुदर्गी युद्ध प्रभावित अफगानिस्तान के पुनर्निर्माण को लेकर चीन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। चीनी राजदूत ने दोनों देशों को साझा हितों के नजरिए से एक समुदाय बताते हुए कहा कि चीन अपनी क्षमता के अनुसार अफगानिस्तान की सहायता करने का इच्छुक है। उन्होंने कहा कि बीते वर्षो में चीन ने आधारभूत संरचना, एवं आपदा राहत सहित कई क्षेत्रों में बिना शर्त अफगानिस्तान की मदद की है।
अफगानिस्तान के कृषि, सिंचाई एवं पशु मंत्री असद्दुल्ला जमीर ने इस मदद के लिए चीन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि चीन से मिल रही मदद अफगानिस्तान के लोगों को कृषि को उन्नत बनाने और देश में भूखमरी से लड़ने में निश्चित रूप से सहायक होगी। अफगानिस्तान को कृषि मशीनीकरण उपकरण देने के अलावा चीन ने अपने यहां से विशेषज्ञ भी भेजे हैं, जो अफगानिस्तान में अपने समकक्षों को उपकरणों के रख रखाव के बारे में प्रशिक्षण देंगे।