बीजिंग: चीन के पूर्वी तट पर तूफान चान-होम के पहुंचने को लेकर देश में अलर्ट जारी कर दिया गया है। यहां 187 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, चीन के राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने चान-होम के लिए शुक्रवार सुबह रेड अलर्ट जारी किया। इस तूफान का केंद्र झेजियांग प्रांत से 550 किलोमीटर दक्षिणपूर्व में है।
यह तूफान पूर्वी चीन सागर से उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ रहा है और यह फुजियान प्रांत के फूदिंग और झेजियांग के जियांगशान में कहीं भी कहर बरपा सकता है। विभाग के मुताबिक, तूफान के केंद्र में हवा की गति 58 मीटर प्रति सेकंड़ हो जाएगी।
झेजियांग से 10,000 से अधिक लोगों को बाहर निकाला गया है और मछली पकड़ने की 10,000 नौकाएं वापस बंदरगाह पर लौट आई हैं। चीन के दक्षिणी ग्वांगदोंग प्रांत में गुरुवार को तूफान लिन्फा ने दस्तक दी, जिसकी वजह से तटीय क्षेत्रों में भारी बारिश हुई। हालांकि, अभी तक तूफान में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।