1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. चीन में जन्म दर चेतावनी रेखा से नीचे पहुंची, विशेषज्ञों ने कहा- जनसंख्या में आ सकती है गिरावट

चीन में जन्म दर चेतावनी रेखा से नीचे पहुंची, विशेषज्ञों ने कहा- जनसंख्या में आ सकती है गिरावट

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 03, 2020 11:27 pm IST,  Updated : Dec 03, 2020 11:27 pm IST

चीन के नागरिक मामलों के मंत्री ली जिहेंग ने कहा है कि देश की कुल जन्म दर चेतावनी रेखा से नीचे चली गई है।

China Population, China Fertility Rate, China Birth Rate, China, Population- India TV Hindi
चीन के नागरिक मामलों के मंत्री ली जिहेंग ने कहा है कि देश की कुल जन्म दर चेतावनी रेखा से नीचे चली गई है। Image Source : AP REPRESENTATIONAL

बीजिंग: चीन के नागरिक मामलों के मंत्री ली जिहेंग ने कहा है कि देश की कुल जन्म दर चेतावनी रेखा से नीचे चली गई है। जन्म दर के आंकड़ों को देखकर चीन के जनसांख्यिकी विशेषज्ञों ने आगाह किया है कि देश की जनसंख्या में जल्द ही गिरावट आनी शुरू हो सकती है। चीन में दशकों तक चली एक बच्चे की नीति को साल 2016 में खत्म करके दूसरे बच्चे को जन्म देने की अनुमति दे दी गई थी। बुजुर्ग लोगों की बढ़ती आबादी के चलते चीन जनसांख्यिकी संकट का सामना कर रहा है। जनसांख्यिकी विशेषज्ञों ने सरकार से सीमित जनसंख्या नियंत्रण नीति पर पुनर्विचार करने की अपील की है।

विशेषज्ञों ने सरकार से किए कई अनुरोध

रिपोर्ट्स के मुताबिक, जनसांख्यिकी विशेषज्ञों ने साथ ही सरकार से बिना विवाह के बच्चे पैदा करने के प्रति और अधिक सहनशील रुख अपनाने तथा उनकी पालन-पोषण एवं शिक्षा पर होने वाले खर्च को और अधिक सस्ता बनाने का भी अनुरोध किया है। सरकार द्वारा संचालित 'ग्लोबल टाइम्स' की खबर के अनुसार, ली ने एक लेख में कहा कि विभिन्न कारकों के प्रभाव के चलते चीन के लोग बच्चे पैदा करने में कम रूचि दिखा रहे हैं। उन्होंने अपने लेख में लिखा है कि कुल जन्म दर चेतावनी रेखा से नीचे चली गई है और जनसंख्या वृद्धि दर महत्वपूर्ण मोड़ पर पहुंच गई है।

2016 में खत्म हुई थी एक बच्चा नीति
बता दें कि चीन ने 2016 में एक दंपत्ति को एक ही बच्चा की दशकों पुरानी पालिसी को खत्म करने करने का फैसला किया था। चीन पर शासन करने वाली कम्यूनिस्ट पार्टी ने तब कहा था कि कोई दंपत्ति अगर चाहे तो वो दो बच्चे पैदा कर सकता है। हालांकि इसके बाद भी चीन में जन्म दर में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। एक दंपत्ति को एक ही बच्चा की पालिसी वाली विवादित पालिसी को साल 1979 में लागू किया गया था। चीन की सरकार द्वारा लागू की गई इस नीति का लक्ष्य देश की जनसंख्या को नियंत्रित करना था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश