बीजिंग: चीन के वुहान से शुरू हुआ कोरोना वायरस आज पूरी दुनिया पर कहर बनकर टूटा है। हालांकि गुरुवार को चीन के लिए एक खबर बहुत बड़ी राहत बनकर आई। नेशनल हेल्थ कमीशन द्वारा गुरुवार को दी गई जानकारी के मुताबिक, चीन में पहली बार ऐसा हुआ जब घरेलू स्तर पर दिसंबर के बाद से कोरोना वायरस के संक्रमण का कोई नया मामला सामने नहीं आया है। कमीशन ने कहा कि कोविड-19 का केंद्र रहे हुबेई प्रांत की राजधानी वुहान में भी पहली बार घरेलू या विदेश से संक्रमण का कोई नया मामला उभर कर सामने नहीं आया।
चीन में स्थिति नियंत्रण में
रिपोर्ट्स के मुताबिक, चीन में गुरुवार सुबह तक सामने आए संक्रमण के सभी 34 नए मामले विदेशों से संबंधित थे। इस देश में कोरोना वायरस के चलते मौतों की संख्या में भी भारी कमी देखने को मिली है। मौत का नया आंकड़ा 10 से कम हो गया है। अब संक्रमण के कारण 8 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद से कुल आंकड़ा 3,245 हो गया है। कमीशन ने कहा है कि नए मामले सामने आने के बाद से संक्रमित व्यक्तियों की कुल संख्या 80,928 हो गई है, जबकि अब तक 70,420 मरीजों को पूर्ण रूप से स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
इटली में हालात काबू से बाहर
चीन में भले ही हालात काबू में आते दिख रहे हों, लेकिन दुनिया के कई देश ऐसे हैं जहां स्थिति नियंत्रण के बाहर दिखाई दे रही है। इटली, ईरान और स्पेन जैसे देश कोरोना वायरस के कहर से बुरी तरह त्रस्त हैं। आपको बता दें कि चीन के बाद कोविड-19 संक्रमण से इटली सबसे अधिक प्रभावित है। यहां रातों रात 3,526 नए मामले दर्ज हुए हैं, जिसके बाद संक्रमित व्यक्तियों की संख्या बढ़कर 35,713 हो गई है। इटली में कोरोना वायरस के चलते देश में अब तक कुल 2, 978 मौतें हुई हैं जिनमें से 475 जानें सिर्फ एक दिन में ही गईं।