1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. चीन ने कहा, डिटर्जेन्ट की एड अनुचित लेकिन नस्लीय नहीं

चीन ने कहा, डिटर्जेन्ट की एड अनुचित लेकिन नस्लीय नहीं

 Written By: India TV News Desk
 Published : May 30, 2016 08:25 pm IST,  Updated : May 30, 2016 08:25 pm IST

बीजिंग: चीन ने एक डिटर्जेन्ट कंपनी के विज्ञापन में एक अश्वेत व्यक्ति को उससे धुल कर गोरी चमड़ी वाला दिखाए जाने को आज अनुचित करार दिया, लेकिन इस बात को खारिज किया कि उसमें कुछ

Chinese ad- India TV Hindi
Chinese ad

बीजिंग: चीन ने एक डिटर्जेन्ट कंपनी के विज्ञापन में एक अश्वेत व्यक्ति को उससे धुल कर गोरी चमड़ी वाला दिखाए जाने को आज अनुचित करार दिया, लेकिन इस बात को खारिज किया कि उसमें कुछ भी नस्लीय है। चीन का कहना है कि किसी भी अफ्रीकी देश ने इस विवादित विज्ञापन के खिलाफ शिकायत दर्ज नहीं कराई है।

चुनयिंग ने कहा, एक कंपनी की एड को राजनीतिक मुद्दे से जोड़ा गया

इस संबंध में पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हुआ चुनयिंग ने कहा, आप जिस रिपोर्ट का जिक्र कर रहे हैं, मैंने उन्हें देखा है। मैंने यह भी देखा कि आपने महज एक कंपनी के अनुचित व्यवहार को राजनीतिक मुद्दे से जोड़ दिया है।

एड के नस्लीय होने की किसी अफ्रीकी देश ने नहीं की शिकायत

विज्ञापन की दुनिया भर में कटु आलोचना होने के बाद कंपनी ने उसे वापस ले लिया है। हुआ ने कहा, जहां तक मेरी समझ है, यह महज एक कंपनी द्वारा अनुचित व्यवहार है, और उसने इसके लिए माफी भी मांग ली है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें डिटर्जेन्ट कंपनी का विज्ञापन नस्लीय होने के संबंध में किसी अफ्रीकी देश से कोई शिकायत नहीं मिली है। इस विज्ञापन में एक चीनी महिला काले :अश्वेत: व्यक्ति को वाशिंग मशीन में डालती है और धुलने के बाद वह गोरा चीनी व्यक्ति बनकर निकलता है।

चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता ने कहा, चीन में किया जाता है हर नस्ल का सम्मान

विज्ञापन के नस्लीय होने के संबंध में किसी अन्य देश से शिकायत मिलने के बारे में पूछने पर, हुआ ने कहा, हमारे पास किसी अन्य सरकार द्वारा कोई शिकायत किए जाने की सूचना नहीं है। हुआ ने कहा, चीन में व्यक्ति किसी भी नस्ल या समुदाय से आता हो, हम सभी का सम्मान करते हैं और उनके साथ अच्छा संवाद रखते हैं। अफ्रीकी देशों के साथ हमारे अच्छे और करीबी सहयोग हैं। हम आशा करते हैं कि लोग इस मामले को ज्यादा तूल नहीं देंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश