1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. भारत-पाक तनाव पर बोला चीन, सीमा पर संयम बरतें दोनों देश

भारत-पाक तनाव पर बोला चीन, सीमा पर संयम बरतें दोनों देश

 Written By: India TV News Desk
 Published : Sep 02, 2015 09:37 am IST,  Updated : Sep 02, 2015 10:17 am IST

बीजिंग: सीमा पर भारत और पाकिस्तान के बीच उत्पन्न तनाव पर बारीकी से नजर रखने वाले चीन ने दोनों देशों से अपील की कि वे संयम बरतें और अपने मतभेदों को बातचीत के जरिये दूर

भारत-पाक तनाव पर बोला...- India TV Hindi
भारत-पाक तनाव पर बोला चीन, सीमा पर संयम बरतें दोनों देश

बीजिंग: सीमा पर भारत और पाकिस्तान के बीच उत्पन्न तनाव पर बारीकी से नजर रखने वाले चीन ने दोनों देशों से अपील की कि वे संयम बरतें और अपने मतभेदों को बातचीत के जरिये दूर करें। चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हुआ चुनयिंग ने कहा कि चीन घटनाक्रम पर बारीकी से नजर रखे हुए है। उन्होंने कहा कि एक पड़ोसी तथा भारत और पाकिस्तान के एक मित्र होने के नाते चीन दोनों देशों से अपील करता है कि वे संयम बरतें, स्थिति को बातचीत और चर्चा से सुलझायें।

चुनयिंग ने कहा कि भारत और पाक प्रासंगिक मतभेदों को उचित ढंग से दूर करें और दक्षिण एशिया में शांति एवं स्थिरता के लिए प्रतिबद्ध रहें। चुनयिंग की यह टिप्पणी नियंत्रण रेखा पर भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ने और गोलीबारी होने की पृष्ठभूमि में आई है।

यह पूछे जाने पर कि क्या चीन इस बात को लेकर निराश है कि भारत ने चीन की जापानी सैनिकों पर मिली विजय को मनाने के लिए तीन सितम्बर को आयोजित होने वाली परेड के लिए अपने सैनिक नहीं भेजे, चुनयिंग ने कहा कि चीनी पक्ष विदेश राज्य मंत्री जनरल वी के सिंह का समारोह में भारत के विशेष दूत के रूप उपस्थिति का स्वागत करता है।

चुनयिंग ने कहा कि हम उनका गर्मजोशी से स्वागत करेंगे। उन्होंने कहा कि हम प्रत्येक देश के अपने सैनिक भेजने या नहीं भेजने के पसंद का सम्मान करते हैं। पाकिस्तान ने इस समारोह के लिए अपने सैनिकों की एक टुकड़ी भेजी है। इसके साथ ही उसके राष्ट्रपति ममनून हुसैन भी समारोह में हिस्सा लेंगे। इस कार्यक्रम में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति पार्क गुएन हाई भी हिस्सा लेंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश