1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. जंग के खतरे के बीच चीन ने अमेरिका और उत्तर कोरिया को दी यह सलाह

जंग के खतरे के बीच चीन ने अमेरिका और उत्तर कोरिया को दी यह सलाह

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 25, 2017 09:31 pm IST,  Updated : Sep 25, 2017 09:31 pm IST

कोरियाई प्रायद्वीप पर तनाव के बीच चीन ने सोमवार को अमेरिका और उत्तर कोरिया से यह बातें कहीं...

Representational Image- India TV Hindi
Representational Image | AP Photo

बीजिंग: कोरियाई प्रायद्वीप पर तनाव के बीच चीन ने सोमवार को अमेरिका और उत्तर कोरिया से संयम रखने और एक-दूसरे को उकसाने से बचने को कहा। बीजिंग ने कहा कि वह दोनों देशों के बीच जुबानी जंग को लेकर बहुत चिंतित है। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लु कांग ने कहा कि हमें लगता है कि किसी भी पक्ष को आग में घी डालने से बचना चाहिए और दोनों पक्षों के उकसावे वाले बयान बंद करने पर एक रास्ता निकाला जा सकता है।

हालांकि उत्तर कोरिया के विदेश मंत्री ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर अपने देश के खिलाफ युद्ध शुरू करने का आरोप लगाया है। उत्तर कोरियाई विदेश मंत्री रि यॉन्ग-हो ने न्यूयॉर्क में कहा कि अब उत्तर कोरिया के पास अमेरिकी बमवर्षकों को मार गिराने का अधिकार है। कोरियाई विदेश मंत्री ने कहा कि यह अधिकार तब भी लागू होता है जब अमेरिकी बमवर्षक उत्तर कोरिया के हवाई क्षेत्र में न हों। उत्तर कोरियाई विदेशमंत्री ने न्यूयॉर्क में कहा कि दुनिया को यह 'साफतौर पर याद रहना चाहिए' कि अमेरिका ने ही पहले युद्ध की घोषणा की है। 

उत्तर कोरिया ने इस महीने की शुरूआत में अपना सबसे बड़ा परमाणु परीक्षण किया था जिसके बाद से तनाव नाटकीय रूप से बढ़ गया है। उत्तर कोरिया की सरकार संचालित केसीएनए समाचार एजेंसी ने इसे हाइड्रोजन बम करार दिया था। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने एक-दूसरे को लगातार धमकियां दी है और व्यक्तिगत हमले किए हैं। दरअसल, उत्तर कोरिया अमेरिका पहुंचने में सक्षम और परमाणु आयुध ले जाने में सक्षम मिसाइल विकसित करने के अपने लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश