बीजिंग: विवादित दक्षिण चीन सागर पर अपनी पकड़ मजबूत करते हुए चीन ने संशा शहर में खारा पानी साफ करने वाला प्लांट लगाया है जिसे 'डिसैलिनेशन प्लांट' भी कहते हैं। कई द्वीपों और प्रवाल द्वीपों के प्रशासन के संचालन के लिए वर्ष 2012 में इस प्रांत स्तरीय शहर की स्थापना हुई थी। इनमें कई ऐसे द्वीप भी शामिल हैं, जिन पर बीजिंग की समुद्री सीमा से सटे देश भी दावा करते हैं।
सरकारी संवाद समिति शिन्हुआ की खबर के अनुसार नये संयंत्र की आधिकारिक शुरआत शनिवार को हुई। विलवणीकरण संयंत्रों में खारे पानी से खनिज तत्वों को अलग किया जाता है। इस संयंत्र में हर दिन 1000 टन समुद्री जल का शोधन किया जायेगा, जिनमें से 700 टन समुद्री जल सीधे पीने योग्य होगा।
इस समय यांगशिंग द्वीप स्थित विलवणीकरण यंत्र से प्रति दिन 1800 टन समुद्री जल का शोधन किया जाता है। बड़े पैमाने पर अवसंरचना के विकास के लिहाज से यह बहुत ही जरूरी माना जा रहा था।