बीजिंग: दक्षिण चीन के गुआंगक्सी जुआंग स्वायत्त क्षेत्र में आज तड़के एक और विस्फोट हुआ। यह विस्फोट कल हुये श्रृंखलाबद्ध लेटर बमों के विस्फोट के बाद हुआ है जिसमें सात लोगों की मौत हुई थी और 51 अन्य घायल हुए थे।
ल्यूचेंग काउंटी में सुबह आठ बजे हुआ विस्फोट
सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने खबर दी है कि ल्यूझोउ के ल्यूचेंग काउंटी में स्थानीय राजमार्ग प्रशासनिक ब्यूरो के नजदीक एक घर में स्थानीय समयानुसार सुबह आठ बजे यह विस्फोट हुआ।
विस्फोट से इमारत को पहुंचा नुकसान
खबर में बताया गया है कि तत्काल हताहतों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है। विस्फोट के कारण छह मंजिला इमारत को नुकसान पहुंचा है और ईंटें चारों तरफ बिखरी पड़ी है।
लेटर बम मामले में एक संदिग्ध गिरफ्तार
इस बीच पुलिस ने कल श्रृंखलाबद्ध पैकेट बम विस्फोटों के मामले में एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि वेई नामक 33 वर्षीय व्यक्ति गुआंगक्सी जुआंग स्वायत्त क्षेत्र के दापू उपनगर का रहने वाला है। लेटर बमों को रखने के लिए वेई ने दूसरे लोगों को काम पर रखा था।
पैक्ड सामान की निगरानी
ल्यूझोउ अधिकारी पैकेट बंद सामान की आपूर्ति पर कड़ी निगरानी रख रहे हैं। सरकारी स्वामित्व वाली मेल आपूर्ति करने वाली कंपनी चाइना पोस्ट के स्थानीय शाखा ने शनिवार तक इसके सभी मेलों की आपूर्ति रोक रखी है।
चीन के राष्ट्रीय दिवस की पूर्व संध्या पर विस्फोट
पुलिस ने लोगों को चेतावनी दी है कि वे अपरिचित व्यक्तियों द्वारा भेजी सामग्री या अनधिकृत चैनलों के जरिए भेजे गए पार्सल स्वीकार नहीं करें। ये विस्फोट चीन के राष्ट्रीय दिवस की छुट्टी की पूर्व संध्या पर हुए।